
ऑस्ट्रेलिया ने जीता दूसरा टेस्ट (Photo: Getty Image)
Australia vs Bangladesh, 2nd Test Result: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के साथ दूसरे टेस्ट में जो किया, उसे कहते हैं सूद समेत बदला लेना. दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को दूसरे दिन ही करारी हार का कड़वा घूंट पिला दिया. ऑस्ट्रेलिया ने ये मुकाबला पारी और 51 रन के अंतर से जीता, जिसमें उसके तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की सबसे बड़ी भूमिका रही. सीधे शब्दों में कहें तो ये स्टार्क के प्रहार का ही कमाल रहा कि बांग्लादेश दूसरे टेस्ट में इतनी जल्दी हार गया.
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लदेश के तोड़े अरमान
दूसरा टेस्ट जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के सीरीज जीत के अरमानों पर भी पानी फेर दिया. पहला टेस्ट जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी बांग्लादेशी टीम दूसरे टेस्ट में क्लीन स्वीप के अरमान लिए उतरी थी. मगर मिचेल स्टार्क के आगे उसके बल्लेबाजों की हवाइयां दूसरे टेस्ट में ऐसे उड़ी दिखी कि टीम के पास घुटने टेकने के सिवा दूसरा कोई चारा नहीं बचा.
मिचेल स्टार्क ने झटके 10 विकेट
मिचेल स्टार्क दूसरे टेस्ट में हीरो बने, जिन्होंने 10 विकेट चटकाते हुए ऑस्ट्रेलिया की जीत की स्क्रिप्ट लिखी. उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लिए जबकि सेकंड इनिंग में 4 बल्लेबाजों को अपना निशाना बनाया. ये चौथी बार है जब किसी टेस्ट में स्टार्क ने 10 विकेट लेने का कारनामा किया है.
ऑस्ट्रेलिया ने कैसे 2 दिन में जीता दूसरा टेस्ट?
टेस्ट मैच की बात करें तो वो सिर्फ 2 दिन चला. 22 अगस्त को शुरू हुआ टेस्ट मैच 23 अगस्त को अपने अंजाम पर पहुंच गया. पहले दिन बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में स्टार्क के कहर के आगे सिर्फ 64 रन ही बना सकी. उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी पहली पारी में कोई बड़ा स्कोर नहीं किया. मगर बांग्लादेश का स्कोर इतना छोटा था कि उसे 146 रन की बढ़त मिल गई. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 210 रन बनाए.
बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने अपनी पहली पारी की नाकामी से सेकंड इनिंग में भी सबक नहीं लिया. नतीजा ये हुआ कि वो एक बार फिर से 100 रन के अंदर सिमट गए. बांग्लादेश ने दूसरी पारी में सिर्फ 95 रन बनाए.
सीरीज बराबरी पर खत्म
दूसरे टेस्ट के नतीजे के साथ ही ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश की सीरीज का रिजल्ट भी तय हो गया. दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More