
बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर
असम में बाढ़ से हालात बेकाबू हैं और अभी भी कई जगहों पर जलभराव की वजह से यातायात पूरी तरह से बंद है. गांव वाले काफी परेशान हैं और लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं. बॉलीवुड के कुछ स्टार्स का ध्यान भी इसपर गया है और उन्होंने स्टैंड भी लिया है. पहले रणदीप हुड्डा ने स्टैंड लिया और वे बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए उनके बीच पहुंचे. इसके बाद भूमि पेडनेकर ने भी अब असम में अपनी मौजूदगी दर्ज करा ली है. हालांकि वे बॉलीवुड की उन शुरुआती कलाकारों में से एक थीं जो बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुखर हुई थीं.
अब एक्ट्रेस ने खुद असम के लोगों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया है और हर संभव मदद करने की कोशिश की है. एक्ट्रेस ने इस दौरान के वीडियोज भी शेयर किए हैं जिसमें अभी भी असम के हालत बिगड़े हुए ही नजर आ रहे हैं.

भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर असम बाढ़ से जुड़े कुछ विजुअल्स शेयर किए हैं. इन विजुअल्स में देखा जा सकता है कि कैसे वहां की सड़कें अभी भी पानी से भरी हुई हैं और कई जगह घुटनों तक पानी होने की वजह से लोगों को आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है. वे इस दौरान लोगों से मिल रही हैं और उनसे बातचीत कर रही हैं. इसी के साथ वे अपनी तरफ से राहत कार्यों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती नजर आ रही हैं. उन्होंने इसके साथ कैप्शन में लिखा- बाढ़ में डूबे हर गांव हमें इस बात का एहसास कराते हैं कि बारिश रुकने से रिकवरी की शुरुआत नहीं होती है. बल्कि मदद की शुरुआत करने से होती है.
ये भी पढ़ें- Golmaal 5: अजय देवगन और प्रभास में नहीं होगी टक्कर, गोलमाल 5 पर फैला झूठ
रणदीप हुड्डा ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
भूमि पेडनेकर की तरह ही बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा ने भी राहत कार्य करने वाले संगठनों से जुड़कर मदद का हाथ आगे बढ़ाया. वहीं इस मौके पर उन्होंने लोगों से भी असम बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की. रणदीप हुड्डा के भी कई सारे विजुअल्स इस दौरान दिखाई दिए जिसे देख लोग उनकी तारीफ करते नजर आए. इसके अलावा बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 लाख रुपये दान किए हैं.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में पूरे कर चुका हूं 4 साल. सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक, कभी खोजी पत्रकार, कभी मौजी पत्रकार.
Read More