-
Hindi News
-
खेल
-
अन्य खेल
- Asian Games: दूसरे दिन भारत को मिले 4 मेडल, MMA में सुचिका तरियाल ने रचा इतिहास
Updated : Sep 22, 2026 06:14 am IST
एशियन गेम्स में 21 सितंबर का दिन भी भारतीय खिलाड़ियों के लिए शानदार रहा। पहले दिन भारत ने दो सिल्वर मेडल हासिल किए और कई मुकाबलों के फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे दिन भारत की झोली में 4 मेडल आए।
एशियन गेम्स 2026 में सोमवार का दिन भारत के लिए बहुत ही शानदार रहा। एशियन गेम्स के दूसरे दिन 4 मेडल अपने नाम करते हुए भारत के खाते में अब कुल 6 मेडल हो गए हैं। इनमें से तीन मेडल निशानेबाजी (शूटिंग) में आए, जिसमें पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर मेडल और रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया।
इसके अलावा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में भी भारत के लिए एक ऐतिहासिक पल आया, जब सुचिका तरियाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वह एशियन गेम्स में इस खेल में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। भारतीय खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से कई खेलों में देश का नाम ऊंचा हुआ है और मेडल की तालिका में भारत को बड़ी मजबूती मिली है। अब सभी की नजरें तीसरे दिन होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों पर टिकी हैं।
Asian Games Day 2 Live Update
Auto Refresh
Refresh
-
6:07 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
भारत ने कबड्डी में बांग्लादेश को हराया
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ग्रुप A के मैच में बांग्लादेश पर 42-21 की शानदार जीत के साथ एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत की। हाफ-टाइम तक 21-10 की आरामदायक बढ़त बनाने के बाद, भारतीय महिलाओं ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा और 21 अंकों से बड़ी जीत हासिल करते हुए अपने अभियान की बेहतरीन शुरुआत की। इसके बाद भारत बुधवार को ग्रुप A के एक अहम मुकाबले में ईरान का सामना करेगा और फिर गुरुवार को जापान से भिड़ेगा।
-
4:47 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
भारत ने पाकिस्तान को चटाई धूल
भारत ने मेन्स टेबल टेनिस ग्रुप F मुकाबले में पाकिस्तान को 3-0 से हराया। हरमीत देसाई, साथियान ज्ञानसेकरन और पायस जैन, तीनों ने सीधे गेम में जीत हासिल की।
-
4:24 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
पाकिस्तान की एक और हार
हरमीत देसाई की शानदार जीत के बाद, सत्यन ज्ञानसेकरन ने भी अब्बास खान को सीधे गेम में 11-1, 11-8, 11-9 से हराकर जीत हासिल की। अब भारत पुरुषों के टेबल टेनिस ग्रुप F मुकाबले में पाकिस्तान से 2-0 से आगे है। अगला मुकाबला पायस जैन और मुहम्मद खान के बीच है। पाकिस्तान को मुकाबले में बने रहने के लिए जीत की जरूरत है। एक और जीत के साथ भारत यह मुकाबला अपने नाम कर लेगा।
-
4:03 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
क्वार्टर फाइनल में पहुंचे आर्यन
भारत के आर्यन ने मेन्स 56 किग्रा वुशु प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान के शहजादा साफी पर शानदार जीत दर्ज की। अब वह एशियाई खेल 2026 में भारत के लिए पदक पक्का करने से बस एक जीत दूर हैं।
-
4:02 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
हरमीत देसाई ने दर्ज की शानदार जीत
हरमीत देसाई ने पुरुषों के टेबल टेनिस ग्रुप F के शुरुआती मैच में पाकिस्तान के मुहम्मद खान को 11-4, 11-3, 11-5 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद, सत्यन ज्ञानसेकरन का मुकाबला अब्बास खान से होगा और भारत की कोशिश इस मुकाबले को जीतने की ओर एक कदम और आगे बढ़ने की होगी।
-
3:39 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
टेबल टेनिस में भारत बनाम पाकिस्तान
महिला टेबल टेनिस टीम की जीत के बाद अब सबकी नजरें मेन्स टीम पर हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ एक और जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। ग्रुप F के मुकाबले के पहले मैच में हरमीत देसाई का सामना मुहम्मद खान से होगा।
-
3:29 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Vanson Soral
वुशु में देवी रोशिबिना ने बांग्लादेश की मोस्त खातून को हराया
रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में बांग्लादेश की मोस्त शिखा खातून को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
-
2:40 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन आज दोपहर में भारत के चार महत्वपूर्ण मुकाबले
- दोपहर 3:15 बजे: वुशू में महिलाओं के 60kg वर्ग के 'राउंड ऑफ 16' (Pre-Quarterfinal) मैच में रोशिबिना देवी का सामना मोस्ट खातून से होगा।
-
दोपहर 3:30 बजे: टेबल टेनिस में पुरुषों के ग्रुप-F मैच में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
-
दोपहर 3:50 बजे: पुरुषों के 56kg वर्ग के 'राउंड ऑफ 16' मैच में आर्यन का सामना शाहजादा साफी से होगा।
-
दोपहर 4:15 बजे: कबड्डी में महिलाओं के ग्रुप-A मैच में भारत की टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी।
-
1:41 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
श्रीकांत किदांबी को भी बैडमिंटन में मिली जीत
बांग्लादेश के खिलाफ पुरुषों के बैडमिंटन टीम मुकाबले में श्रीकांत किदांबी ने जीत दर्ज करके बांग्लादेश का क्लीन स्वीप कर दिया है। श्रीकांत ने अल अमीन जुमार के खिलाफ पहला गेम 21-15 से जीता और फिर दूसरे गेम में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इसे 21-9 से अपने नाम कर लिया। सीधे गेमों में मिली इस जीत के साथ भारत ने टीम मुकाबले में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। तीन मैचों में लगातार तीन जीत हासिल करके भारतीय टीम मेंस के टीम इवेंट के अगले दौर में पहुंच गई है।
-
1:01 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
आयुष शेट्टी ने जीता मुकाबला
बांग्लादेश के खिलाफ पुरुषों के बैडमिंटन टीम मुकाबले में आयुष शेट्टी ने गौरब सिंघा को सीधे गेमों में हराकर भारत को एक और अंक दिला दिया है। आयुष ने पहले गेम में पूरी तरह अपना दबदबा बनाते हुए 21-4 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में बांग्लादेशी खिलाड़ी ने थोड़ी टक्कर देने की कोशिश की, लेकिन आयुष ने नियंत्रण बनाए रखा और 21-13 से गेम अपने नाम कर लिया। इस 21-4, 21-13 की जीत के साथ भारत ने टीम मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली है।
-
12:22 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
बैडमिंटन में आयुष शेट्टी का सामना गौरब सिंघा से
बांग्लादेश के खिलाफ पुरुषों के बैडमिंटन टीम मुकाबले के दूसरे मैच में भारत के आयुष शेट्टी का सामना गौरब सिंघा से हो रहा है। आयुष ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले गेम में 3-0 की बढ़त बना ली है। उन्होंने शुरुआत से ही विपक्षी खिलाड़ी पर दबाव बना दिया है, जिससे बांग्लादेश का खाता भी नहीं खुल सका है। पहले मैच में लक्ष्य सेन की सीधे सेटों में धमाकेदार जीत के बाद, अब आयुष उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे।
-
12:08 PM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
एशियन गेम्स में लक्ष्य सेन की शानदार शुरुआत
एशियन गेम्स के 'मेंस टीम' इवेंट के पहले दौर में भारत के लक्ष्य सेन ने बांग्लादेश के अयमन इब्न जामन को सीधे गेमों में हराकर भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई है। लक्ष्य ने पहला गेम 21-4 से अपने नाम किया और दूसरे गेम को भी 21-12 से जीतकर मैच पर अपना पूरा दबदबा बनाए रखा। दूसरे गेम में जामन ने थोड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश की, लेकिन अंत में लक्ष्य को आसान जीत मिली।
-
11:52 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
बैडमिंटन में लक्ष्य सेन की शानदार शुरुआत
एशियन गेम्स के मेंस के टीम इवेंट के पहले दौर में भारत के लक्ष्य सेन ने बांग्लादेश के अयमन इब्न जामन के खिलाफ शानदार शुरुआत की है। लक्ष्य ने पहले गेम में पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा और इसे 21-4 से जीतकर भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया। इस जीत से भारत को शुरुआती मैच में बढ़त मिल गई है। अब उन्हें मैच अपने नाम करने और भारतीय टीम को मुकाबले में आगे करने के लिए बस एक और गेम जीतना है।
-
11:16 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को हराया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने पूल मैच में इंडोनेशिया को 17-1 के बड़े अंतर से हरा दिया है। भारत ने शुरुआत से अंत तक मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और हाफ-टाइम तक 9-0 की मजबूत बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और 5 गोल और दागे। इंडोनेशियाई टीम मैच में सिर्फ 1 ही गोल कर सकी। भारत की तरफ से दीपिका, सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी, रुतुजा पिसल, साक्षी राणा, सलीमा टेटे, नवनीत कौर और इशिका चौधरी ने गोल किए। अंत में भारतीय टीम ने 16 गोल के बड़े अंतर से यह शानदार जीत अपने नाम की।
-
10:56 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
कबड्डी में भारत ने जापान को हराया
एशियन गेम्स में भारत की मेंस कबड्डी टीम ने अपने ग्रुप-A मुकाबले में मेजबान जापान को 49-23 से हरा दिया है। हालांकि मैच में पहला अंक जापान ने हासिल किया था, लेकिन इसके बाद भारत ने तुरंत वापसी करते हुए खेल को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। भारतीय रेडर्स और डिफेंडर्स ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत हाफ-टाइम तक भारत 24-6 से आगे रहा। दूसरी पारी में जापान ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन भारत ने अपने दबदबे को बनाए रखा। अंत में भारतीय टीम ने 26 अंकों के बड़े अंतर से यह मुकाबला जीतकर ग्रुप-A में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है।
-
10:38 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
दूसरे क्वार्टर के बाद भारत के पास 7-0 की बढ़त
भारतीय महिला हॉकी टीम ने ताबड़तोड़ गोल करते हुए दूसरे क्वार्टर में इंडोनेशिया पर 7-0 की भारी बढ़त बना ली है। भारत की ओर से रुतुजा पिसल, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने गोल दागे, जिसमें रुतुजा ने दो गोल (ब्रेस) किए।
-
10:19 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
भारत ने जापान पर 31-9 की बढ़त बनाई
मेंस की कबड्डी के ग्रुप-A मैच में हाफ-टाइम तक भारत ने जापान पर 31-9 की बड़ी बढ़त बना ली है। शुरुआत में जापान ने पहला अंक हासिल किया था, लेकिन भारत ने तुरंत वापसी करते हुए मैच पर अपना कब्जा जमा लिया। भारत के रेडर्स और डिफेंडर्स ने मिलकर शानदार खेल दिखाया। हाफ-टाइम तक भारत के पास 22 अंकों की मजबूत बढ़त है और मैच पूरी तरह उनके नियंत्रण में है। जापान को दूसरी पारी में बहुत बड़ी वापसी करने की जरूरत है, जबकि भारतीय टीम अपनी इस लय को बरकरार रखकर ग्रुप-A में एक और शानदार जीत हासिल करना चाहेगी।
-
10:09 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
कबड्डी के ग्रुप-A मैच में भारत का मुकाबला जापान से
कबड्डी के ग्रुप-A मैच में जापान ने पहला अंक हासिल कर शुरुआत की, लेकिन भारत ने तुरंत शानदार वापसी की। शुरुआती झटके से उबरते हुए भारत ने 9-2 की बढ़त बना ली और 7 अंकों का अंतर खड़ा कर दिया। मैच के शुरुआती दौर में ही भारतीय टीम ने पूरी तरह नियंत्रण बना लिया है। 9-2 की मजबूत बढ़त के साथ मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में झुक गया है और टीम अपनी इस बढ़त को और आगे बढ़ाने के लिए खेल रही है।
-
9:59 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
महिला हॉकी में इंडिया और इंडोनेशिया के बीच हो रहा है मुकाबला
महिला हॉकी मैच के पहले क्वार्टर के शुरुआती 5 मिनट में भारत और इंडोनेशिया 0-0 की बराबरी पर हैं। मैच की शुरुआत में ही भारत को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिससे नवनीत के पास पहला गोल करने का एक बेहतरीन मौका था।
हालांकि इंडोनेशिया की गोलकीपर ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए अपने बाएं पैर से नवनीत के इस शॉट को रोक दिया। इस बेहतरीन बचाव की बदौलत इंडोनेशिया बराबरी पर बना रहा। भारतीय टीम पहला गोल करके बढ़त बनाने के लिए लगातार दबाव बना रही है, लेकिन इंडोनेशिया की टीम ने शुरुआत में मजबूत बचाव किया है।
-
9:47 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
हिमांशु ढिल्लों ने जीता सिल्वर, रुद्राक्ष पाटिल को मिला ब्रॉन्ज
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल का फाइनल मैच खत्म हो चुका है और भारत ने इसमें दो मेडल अपने नाम किए हैं। हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल जीता, जबकि रुद्राक्ष बालासाहब पाटिल ने 230.9 अंक के साथ कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। वहीं चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल जीता।
-
9:42 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
भारत ने शूटिंग में दो और मेडल किया पक्का
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में भारत के दो मेडल पक्के हो गए हैं। रुद्राक्ष पाटिल दूसरे और हिमांशु ढिल्लों तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। चीन के शेंग लिहाओ 211.6 अंक के साथ सबसे आगे चल रहे हैं और वह गोल्ड मेडल जीतने के दावेदार हैं। जबकि रुद्राक्ष पाटिल 210.6 अंक के साथ दूसरे और हिमांशु ढिल्लों 210.0 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अब सारा ध्यान मैच के आखिरी दौर पर है, जहां ये पता चलेगा कि पाटिल और ढिल्लों कौन-सा मेडल जीतते हैं।
-
9:33 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
रुद्राक्ष पाटिल शूटिंग में 14 शॉट के बाद पहले नंबर पर
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में 14 शॉट के बाद भी भारत के रुद्राक्ष पाटिल पहले स्थान पर बने हुए हैं। हालांकि चीन के शेंग लिहाओ ने 10.9 का बेहतरीन शॉट लगाकर दोनों के बीच के अंतर को कम कर दिया है। रुद्राक्ष 148.2 अंक के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि शेंग 147.7 अंक के साथ उनसे सिर्फ 0.5 अंक पीछे दूसरे नंबर पर हैं। भारत के हिमांशु ढिल्लों 147.4 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं और मेडल जीतने की रेस में बने हुए हैं।
-
9:30 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सुचिका तरियाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रचा इतिहास
एशियन गेम्स में भारत की सुचिका तरियाल ने महिलाओं की 60kg ट्रेडिशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें सिंगापुर की तेओ हुई हून के खिलाफ 2-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। सेमीफाइनल में मिली इस हार के साथ ही सुचिका की गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद भले ही टूट गई हो, लेकिन उन्होंने भारत के लिए इतिहास रच दिया। वह एशियन गेम्स में MMA में मेडल जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
-
9:15 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सुमित कुंडू पहुंचे राउंड ऑफ 16 में
एशियन गेम्स में भारत के मुक्केबाज (बॉक्सर) सुमित कुंडू ने पुरुषों की 70kg कैटेगरी के राउंड ऑफ 32 मैच में थाईलैंड के बुंजोंग सिनसिरी को हरा दिया है। सुमित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह बना ली है। इस जीत के साथ भारतीय बॉक्सर टूर्नामेंट के अगले दौर में पहुंच गए हैं और 70kg वर्ग में उनकी मेडल जीतने की उम्मीदें बरकरार हैं।
-
8:56 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
रेगु मैच में जापान ने भारत को हराया
एशियन गेम्स के 'मेंस टीम रेगु' इवेंट के तीसरे और आखिरी ग्रुप-B मैच में जापान ने भारत को हरा दिया है। इस जीत के साथ ही जापान ने यह मुकाबला कुल मिलाकर 2-1 से अपने नाम कर लिया। बता दें कि भारत ने शुरुआत में पहला मैच जीतकर बढ़त बनाई थी।
-
8:49 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
रेगु में भारत जापान से पीछे
मेंस टीम रेगु के तीसरे और आखिरी ग्रुप-B मैच के दूसरे गेम में भारत, जापान से 6-10 से पीछे चल रहा है। भारत इस मैच में पहले ही 0-1 से पीछे है, जबकि शुरुआती दो मैचों के बाद मुकाबला 1-1 की बराबरी पर है। जापान अब दूसरा गेम जीतने के बेहद करीब पहुंच गया है, लेकिन भारतीय टीम मैच में बने रहने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। मुकाबला बराबरी पर होने की वजह से, जापान के खिलाफ यह तीसरा मैच जीत दर्ज करने के लिहाज से भारत के लिए बहुत जरूरी है।
-
8:34 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
शूटिंग में भारत का एक और मेडल इवेंट
एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल के इंडिविजुअल फाइनल में भारत के दो निशानेबाज पहुंच गए हैं। क्वालिफिकेशन राउंड में रुद्राक्ष पाटिल 631.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि पहली बार एशियन गेम्स खेल रहे हिमांशु ढिल्लों 630.0 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। दोनों ने टॉप-8 में जगह बनाकर मेडल जीतने वाले फाइनल राउंड में प्रवेश कर लिया है। पहली बार भाग ले रहे पार्थ राकेश माने 628.3 अंक के साथ 11वें स्थान पर रहे और फाइनल की रेस से बाहर हो गए। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल का फाइनल आज सुबह 9:00 बजे खेला जाएगा, जहां रुद्राक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों भारत के लिए मेडल जीतने की रेस में होंगे।
-
8:22 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सॉफ्ट टेनिस में भारतीय जोड़ी को मिली हार
सॉफ्ट टेनिस में भारत की आद्या तिवारी और जय मीणा अपना आखिरी ग्रुप मैच साउथ कोरिया की पार्क जेक्यू और किम यूं-ह्वा से 5-1 से हार गई। मैच हारने के बावजूद वे अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर राउंड ऑफ 16 (Pre-Quarterfinal) में पहुंच गए हैं, जो सुबह 9 बजे खेला जाएगा।
-
8:21 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सुचिका तरियाल की नजरें गोल्ड मेडल पर
एशियन गेम्स में अगला मुकाबला महिलाओं की ट्रेडिशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (60kg) का है। इसमें भारत की सुचिका तरियाल का सामना सिंगापुर की तेओ हुई हून से सेमीफाइनल मैच में होगा। सुचिका के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि इसे जीतकर वह फाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेंगी और गोल्ड मेडल के करीब पहुंचना चाहेंगी। सेमीफाइनल में पहुंचकर उन्होंने भारत के लिए कम से कम एक मेडल पहले ही पक्का कर लिया है। फाइनल में पहुंचने के लिए सुचिका को सिंगापुर की तेओ हुई हून को हराना होगा। दोनों ही खिलाड़ी इस सेमीफाइनल को जीतकर गोल्ड मेडल के मैच में जगह बनाने की पूरी कोशिश करेंगी।
-
8:03 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सेपकटकरा में जापान ने जीता दूसरा मैच
ग्रुप B के मैच में मेन्स टीम रेगू (सेपकटकरा) का मुकाबला 1-1 से बराबर हो गया है। मेजबान जापान ने आखिरी और निर्णायक सेट 15-11 से जीतकर दूसरा मैच अपने नाम कर लिया। भारत ने शानदार वापसी करते हुए मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचाया था, लेकिन जापान ने दबाव में संयम बनाए रखा और जीत दर्ज की। अब भारत को यह मुकाबला जीतने के लिए तीसरा और आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा।
-
7:49 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
धनुष सुरेश फाइनल में जगह नहीं बना सके
धनुष सुरेश पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना सके और 1:03.46 के समय के साथ 22वें स्थान पर रहे। अब आज के तैराकी (swimming) के फाइनल में केवल श्रीहरि नटराज ही भारत के एकमात्र तैराक बचे हैं, जो पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में उतरेंगे।
-
7:32 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
भारत ने शूटिंग में जीता एक और सिल्वर मेडल
भारतीय टीम ने मेंस के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है। भारत इस मुकाबले में चीन से पीछे रहते हुए दूसरे स्थान पर रहा। रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, वहीं पार्थ माणे के योगदान से भारत ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में चीन ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि साउथ कोरिया को ब्रॉन्ज मेडल मिला।
-
7:25 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया है। श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को सीधे सेटों में 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर भारत को शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही भारत ने ग्रुप F में पहला स्थान हासिल कर लिया है और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
-
7:06 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सिंड्रेला दास का एशियन गेम्स में शानदार आगाज
सिंड्रेला दास ने एशियन गेम्स में शानदार आगाज किया है। उन्होंने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हरा दिया है। इसके साथ ही भारत, पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 से आगे हो गया है। अब भारत इस मुकाबले को जीतने और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की करने से सिर्फ एक मैच दूर है।
-
6:56 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान को पहले मुकाबले में हराया
सुतीर्था मुखर्जी ने पाकिस्तान की अलीना खान को आसानी से 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिला दी है। इसके साथ ही भारत इस मुकाबले में 1-0 से आगे हो गया है। ऐसा लग रहा है कि भारत यह मैच आसानी से जीत जाएगा। आज के मैच में दीया चितले और यशस्विनी घोरपड़े की जगह सुतीर्था और सिंड्रेला दास को खेलने का मौका दिया गया है।
-
6:44 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सेपकटकरा में भारत ने जापान के खिलाफ जीता पहला मैच
भारत ने पहला मैच जीत लिया है! मेन्स टीम रेगू ग्रुप मैच में भारत ने घरेलू टीम जापान को 2-0 (15-13, 15-9) से हराकर 3 मैचों की सीरीज की शानदार शुरुआत की। शुरुआत में भारतीय टीम 5-10 से पीछे चल रही थी लेकिन बाद में भारत के खिलाड़ियों ने अच्छी वापसी की। यह भारत और जापान के बीच होने वाले 3 लगातार मैचों में से पहला मैच था, इसलिए अभी दोनों टीमों के पास सीरीज जीतने का पूरा मौका है।
-
6:30 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
वुशू में न्येमन वांगसू मेडल की रेस से बाहर
एशियन गेम्स 2026 में वुशू खेल में भारत के लिए अच्छी खबर नहीं आई है। महिलाओं के चांगक्वान स्पर्धा के फाइनल में भारत की न्येमन वांगसू मेडल की दौड़ से बाहर हो गई हैं। 14 खिलाड़ियों के इस मुकाबले में न्येमन 9.573 स्कोर के साथ 13वें स्थान पर रहीं। इसके साथ ही वुशू में भारत के सफर की शुरुआत निराशाजनक रही।
-
6:29 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सेपकटकरा में भारत ने जीत के साथ की शुरुआत
एशियन गेम्स 2026 में सेपकटकरा के मिक्स्ड टीम मैच में भारत ने शानदार शुरुआत की है। जापान के खिलाफ पहले सेट में पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की और 15-13 से पहला सेट जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। भारत के खिलाड़ी आकाश ने अपने बेहतरीन खेल और किक्स के दम पर इस शानदार वापसी में अहम भूमिका निभाई और टीम को जीत दिलाई।
-
6:28 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में भारत को मिली जीत
भारतीय खिलाड़ी जय मीणा और आध्या तिवारी की जोड़ी ने टेबल टेनिस में धमाकेदार शुरुआत की है। मिक्स्ड डबल्स के ग्रुप-स्टेज मैच में उन्होंने कंबोडिया की जोड़ी को 5-0 से आसानी से हरा दिया। इस शानदार जीत के बाद अब भारतीय जोड़ी लगभग आधे घंटे में मंगोलिया के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलेगी।
-
6:26 AM (IST) Sep 21, 2026
Posted by Hitesh Jha
सॉफ्ट बॉल टेनिस में भारत का सामना कंबोडिया की जोड़ी से
एशियन गेम्स में भारत का सॉफ्ट टेनिस मुकाबला शुरू हो चुका है। मिक्स्ड डबल्स (ग्रुप-बी) के मैच में भारत की स्टार जोड़ी आध्या तिवारी और जय मीणा का सामना कंबोडिया की जोड़ी से हो रहा है। हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप में कमाल करने वाली यह भारतीय जोड़ी अब एशियन गेम्स में देश के लिए पहला मेडल जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है।