sports

Asian Games 2026: पिता ने खेत की मशीन बेचकर दिलाया था धनुष, बेटी ने जीते 2 गोल्ड, चिकिता तनिपर्थी ने रचा इतिहास

September 30, 2026

Asian Games 2026: पिता ने खेत की मशीन बेचकर दिलाया था धनुष, बेटी ने जीते 2 गोल्ड, चिकिता तनिपर्थी ने रचा इतिहास

चिकिता तनिपर्थी के 2 ऐतिहासिक गोल्ड मेडल. (फोटो- PTI)

Chikitha Taniparthi, Asian Games 2026: जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाजों ने अपना स्वर्णिम परचम लहराते हुए इतिहास दोहराया. बुधवार को खेले गए कंपाउंड तीरंदाजी के खिताबी मुकाबलों में भारत ने महिला टीम और मिक्स्ड टीम दोनों इवेंट में अपने गोल्ड मेडल का बचाव किया. इन दोनों ही ऐतिहासिक जीतों की में 21 साल की तीरंदाज चिकिता तनिपर्थी का अहम योगदान रहा, जिन्होंने एक ही दिन में दो एशियन गोल्ज मेडल अपने गले में डाले. इस दोहरे गोल्ड मेडल के साथ ही भारत ने 2028 लॉस एंजेलिस (LA) ओलंपिक के लिए भी कोटा हासिल कर लिया है, जहां कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट पहली बार ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनने जा रहा है.

चिकिता तनिपर्थी के 2 ऐतिहासिक गोल्ड मेडल

नागोया में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों का जलवा देखने लायक रहा. महिला टीम फाइनल में अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिकिता तनिपर्थी की भारतीय तिकड़ी ने चीन के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की. फाइनल में भारतीय महिलाओं ने लगातार सटीक निशाने लगाते हुए चीन को 238-234 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीता. मिक्स्ड टीम कैटेगलरी में मुकाबला रोंगटे खड़े कर देने वाला रहा. चिकिता और साहिल जाधव की जोड़ी का सामना साउथ कोरिया से हुआ. चार सीरीज के अंत तक दोनों टीमें 157-157 की बराबरी पर थीं. इसके बाद तनाव भरे ‘शूट-ऑफ’ में चिकिता और साहिल ने कोरियन तीरंदाजों को मात दी और भारत की झोली में दूसरा गोल्ड डाल दिया.

पिता ने बेची फसल काटने की मशीन

चिकिता की इस सफलता के पीछे उनके किसान पिता का त्याग और परिवार का अटूट संघर्ष छिपा है. तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले के एक छोटे से गांव सुल्तानपुर में 13 अगस्त 2005 को जन्मीं चिकिता के पिता श्रीनिवास राव एक साधारण चावल के किसान हैं. पिता खुद एक खिलाड़ी बनना चाहते थे, लेकिन आर्थिक तंगी ने उनका सपना तोड़ दिया था. इसलिए उन्होंने तय किया कि वो अपनी बेटी को खेल की दुनिया में आगे बढ़ाएंगे.

आर्चरी एक बेहद महंगा खेल है. चिकिता के महंगे उपकरण और ट्रेनिंग का खर्च उठाने के लिए परिवार ने अपनी धान काटने की हार्वेस्टर मशीन बेच दी और ग्रामीणों से कर्ज लिया. गांव में ट्रेनिंग की कोई सुविधा नहीं थी. चिकिता ने घर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर लकड़ी के कामचलाऊ धनुष-बाण से प्रैक्टिस शुरू की थी. तीरंदाजी में आने से पहले वो कराटे और बैडमिंटन भी खेल चुकी थीं, लेकिन 2018 में तीरंदाजी को उन्होंने अपना जीवन बना लिया.

वर्ल्ड यूथ चैंपियन से एशियन गेम्स के दोहरे ताज तक

चिकिता राव तनिपर्थी भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी की नई पोस्टर गर्ल बनकर उभरी हैं. वो भारत की पहली महिला तीरंदाज हैं जिन्होंने साल 2025 की वर्ल्ड आर्चरी यूथ चैंपियनशिप में U-21 व्यक्तिगत कंपाउंड इवेंट का गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा वो आर्चरी वर्ल्ड कप, इंडोर आर्चरी वर्ल्ड सीरीज और आर्चरी एशिया कप में भी कई मेडल जीत चुकी हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button