Apple अपना ‘Surprise and Shine’ इवेंट कल 9 सितंबर को आयोजित करेगा। इसमें iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max, Foldable iPhone Ultra और Apple Watch Series 12 को पेश किया जा सकता है।
Apple September 9 Event: iPhone 18 Pro से Foldable iPhone Ultra तक, जानें क्या-क्या हो सकता है लॉन्च।
- Published: 08 Sep 2026, 03:19 PM IST
- Last Updated: 08 Sep 2026, 03:19 PM IST
आईफोन फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। Apple अपना साल का सबसे बड़ा लॉन्चिंग इवेंट कल यानी 9 सितंबर 2026 को आयोजित करने जा रहा है। कंपनी ने इस साल के इवेंट को “Surprise and Shine” नाम दिया है, जिससे किसी बड़े सरप्राइज की उम्मीद बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इवेंट में Apple अपनी नई iPhone 18 सीरीज, पहला फोल्डेबल iPhone Ultra और नई Apple Watch Series 12 समेत कई प्रोडक्ट्स पेश कर सकता है।
यह इवेंट Apple के नए CEO John Ternus के नेतृत्व में होने वाला पहला बड़ा Apple लॉन्च इवेंट भी बताया जा रहा है। Tim Cook के 1 सितंबर 2026 को CEO पद से हटने के बाद कंपनी की कमान Ternus के हाथों में आई है।
Apple Event 2026 में क्या होगा खास?
Apple का “Surprise and Shine” इवेंट 9 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे Pacific Time पर आयोजित किया जाएगा। भारतीय समय के अनुसार इवेंट 10 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे शुरू होगा। इस इवेंट में सबसे ज्यादा नजर iPhone 18 सीरीज और कंपनी के पहले फोल्डेबल iPhone पर रहने वाली है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी iPhone 18, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च कर सकती है। इसके अलावा Apple पहली बार iPhone Ultra Foldable पेश कर सकता है। इस फोन में नया कॉम्पैक्ट फोल्डेबल डिजाइन, A20 Pro चिपसेट और कई एडवांस फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

iPhone 18 सीरीज में मिलेगा नया डिजाइन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple iPhone 18 सीरीज के साथ अपने डिजाइन में बड़े बदलाव कर सकता है। iPhone 18, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में मिलता-जुलता डिजाइन देखने को मिल सकता है। फोन में नया एल्युमिनियम चेसिस दिया जा सकता है। रियर पैनल पर कैमरा मॉड्यूल को रेक्टेंगुलर डिजाइन में रखा जा सकता है, जिससे Qi2 MagSafe वायरलेस चार्जर को फोन के पीछे आसानी से अटैच किया जा सके। स्टैंडर्ड iPhone 18 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है, जबकि Pro मॉडल्स में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिए जाने की उम्मीद है।
A20 और A20 Pro चिपसेट का पावर
परफॉर्मेंस के लिए iPhone 18 में नया A20 चिपसेट मिल सकता है, जबकि iPhone 18 Pro और Pro Max में ज्यादा पावरफुल A20 Pro चिपसेट दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, A20 सीरीज 2nm प्रोसेस पर आधारित होगी। इसमें Wafer-Level Multi-Chip Module पैकेजिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे पावर एफिशिएंसी और परफॉर्मेंस में सुधार होने की उम्मीद है।
A20 Pro में स्टैंडर्ड A20 की तुलना में ज्यादा GPU कोर और बेहतर AI क्षमताएं मिलने की बात कही जा रही है। तीनों मॉडल में LPDDR5X RAM और NVMe स्टोरेज का सपोर्ट मिल सकता है।
iPhone 18 का कैमरा भी होगा अपग्रेड
कैमरा की बात करें तो स्टैंडर्ड iPhone 18 में 48MP मेन कैमरा और 48MP अल्ट्रावाइड कैमरा वाला डुअल कैमरा सेटअप मिल सकता है। फ्रंट कैमरा को भी अपग्रेड किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन में मौजूदा 18MP सेंसर की जगह 24MP सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है। iPhone 18 Pro और Pro Max में 48MP मेन कैमरा के साथ वेरिएबल अपर्चर लेंस और 48MP अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की संभावना है।

iPhone 18 Pro Max में 5,567mAh बैटरी
बैटरी को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone 18 Pro में करीब 4,228mAh की बैटरी दी जा सकती है। वहीं, iPhone 18 Pro Max में 5,567mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, Apple ने अभी इन बैटरी क्षमताओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
iPhone 18 सीरीज की संभावित कीमत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टैंडर्ड iPhone 18 की कीमत पिछले मॉडल की तरह 799 डॉलर से शुरू हो सकती है, जो भारत में करीब 82,990 रुपये के आसपास बैठती है। वहीं, iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत करीब 1,299 डॉलर (लगभग 1.40 लाख रुपये) हो सकती है। इसके 512GB, 1TB और 2TB मॉडल की कीमत क्रमशः करीब 1,499 डॉलर, 1,699 डॉलर और 2,199 डॉलर बताई जा रही है।
iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत करीब 1,399 डॉलर (लगभग 1.53 लाख रुपये) होने की उम्मीद है। इसके 512GB मॉडल की कीमत 1,599 डॉलर, 1TB मॉडल की 1,799 डॉलर और 2TB मॉडल की कीमत 2,299 डॉलर हो सकती है। ध्यान दें कि ये सभी कीमतें लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं।
पहली बार आ सकता है Apple का Foldable iPhone Ultra
Apple के 9 सितंबर इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone हो सकता है। रिपोर्ट्स में इसे iPhone Ultra नाम दिए जाने की बात कही गई है। इसका डिजाइन Samsung Galaxy Z Fold सीरीज से प्रेरित हो सकता है। फोन में एल्युमिनियम बिल्ड, डुअल रियर कैमरा और एल्युमिनियम फ्रेम मिलने की उम्मीद है।

फोल्डेबल iPhone में दो डिस्प्ले हो सकते हैं, जिसमें अंदर की तरफ करीब 7.8 इंच का बड़ा डिस्प्ले मिलने की बात कही गई है। परफॉर्मेंस के लिए iPhone Ultra में iPhone 18 Pro और Pro Max वाला A20 Pro चिपसेट दिया जा सकता है। इसके साथ Apple का नया N2 वायरलेस चिप और C2 मॉडेम भी मिल सकता है।
कैमरा सेटअप में 48MP मेन कैमरा और 48MP अल्ट्रावाइड कैमरा दिए जाने की संभावना है। सेल्फी के लिए 24MP कैमरा मिल सकता है। रिपोर्ट्स में फोल्डेबल iPhone में करीब 5,000mAh बैटरी दिए जाने की बात भी कही गई है।
2 लाख से भी ज्यादा महंगा हो सकता है Foldable iPhone Ultra
Apple के पहले फोल्डेबल iPhone की कीमत प्रीमियम होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी कीमत 2,300 डॉलर से ज्यादा हो सकती है। भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब 2 लाख रुपये होने का अनुमान है।

Apple Watch Series 12 और Watch Ultra 4 भी हो सकते हैं लॉन्च
iPhone 18 सीरीज के अलावा Apple Watch Series 12 और Watch Ultra 4 भी लॉन्च कर सकता है। Apple Watch Series 12 में नया S11 चिपसेट दिए जाने की उम्मीद है, जिसमें AI क्षमताओं पर खास फोकस हो सकता है। वॉच में नए हेल्थ और फिटनेस फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
रिपोर्ट्स में हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग फीचर मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा Watch Series 12 में Ceramic Coating मिलने की भी चर्चा है। वहीं, Apple Watch Ultra 4 में बेहतर फिटनेस ट्रैकिंग, हेल्थ फीचर्स और नया S11 चिपसेट मिलने की उम्मीद है।