world-news

AIMIM Asaduddin Owaisi: भोपाल में ओवैसी बोले- UCC समानता के लिए नहीं, 18 करोड़ मुसलमानों को टारगेट करने लाया गया

September 15, 2026

AIMIM Asaduddin Owaisi: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) मंगलवार को भोपाल पहुंचे। उन्होंने राजधानी के सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में समान नागरिक संहिता (UCC) के विरोध में जनसभा (AIMIM Rally Bhopal) की। इससे पहले मीडिया से चर्चा में कहा कि UCC को मुसलमानों को टारगेट करने के लिए लाया जा रहा है। हम इसका विरोध करते हैं और जरूरत पड़ी तो इसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे।

मुसलमानों के मज़हबी आज़ादी को ख़त्म किया जा रहा है।

UCC, आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव, UAPA समेत कई अहम मुद्दों पर भोपाल में Barrister @asadowaisi साहब की Press Conference. pic.twitter.com/E0QimIuDZa

— AIMIM (@aimim_national) September 15, 2026

UCC पर बोले AIMIM Asaduddin Owaisi

ओवैसी ने कहा कि एक वीडियो मैंने देखा है। जब इसे एसेंबली में लाया गया तो मुख्यमंत्री क्या नारा लगा रहे थे? उसका स्लोगन था इस देश पर कौन राज करेगा? वहीं अब UCC लेकर आ रहे हैं। उससे यह बात साबित हो गई कि UCC समानता के लिए नहीं लाया गया है। UCC भारत के 18 करोड़ मुसलमानों को टारगेट करने के लिए लाया गया है।

भारत की विविधता खत्म करने की साजिश (Asaduddin Owaisi)

सभा से पहले AIMIM चीफ ओवैसी ने UCC का विरोध करते हुए कहा कि यह भारत की विविधता खत्म करने की साजिश है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का हवाला देते हुए कहा कि नागरिकों को समानता और अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने कहा कि धर्म की स्वतंत्रता खत्म करके इस तरह कानून लागू नहीं किया जा सकता।

संविधान हमें धर्म की आजादी देता है (AIMIM Asaduddin Owaisi)

ओवैसी ने बताया कि शादी मुसलमानों के लिए सिर्फ एक कॉन्ट्रैक्ट है, जीवन भर का रिश्ता नहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी इस्लाम से मुसलमानों को अलग करना चाहती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस्लाम को कोई खत्म नहीं कर सका, तो आरएसएस आखिर कौन सी बड़ी ताकत है। भारत में रहकर हम मुसलमान ही रहेंगे। संविधान हमें धर्म की आजादी देता है। इस्लाम के बारे में कहा जाता है कि यहां बेटियों को सम्मान नहीं मिलता, लेकिन इस्लाम में मां के पैरों में जन्नत का दर्जा दिया गया है।

BJP सरकार वाले राज्यों में मस्जिदों को शहीद किया जा रहा

ओवैसी ने कहा कि जहां बीजेपी सरकार में है, वहां मस्जिदों और कब्रिस्तानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के बारे में कहा कि जब कुछ गलत होता है तो उन्हें बी टीम कहा जाता है। सागर शराब कांड पर उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि आखिर कौन शराब पिला रहा है। लव जिहाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अगर कोई बालिग किसी से शादी करना चाहता है तो आप उसे रोकने वाले कौन होते हैं? उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्यार को धर्म के चश्मे से नहीं देखना चाहिए।

यूपी में अलायंस होना चाहिए (Asaduddin Owaisi)

आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर AIMIM के नेता असदुद्दीन ओवैसी का कहना है, 'अभी ये बताना जल्दबाजी होगी कि हम कितनी सीटें हासिल करेंगे। हम वहां एक मजबूत गठबंधन बनाने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। हमने साफ तौर पर कहा है कि अगर आप उत्तर प्रदेश में तीसरी बार BJP की सरकार नहीं देखना चाहते हैं, और हम भी नहीं चाहते हैं, तो चलिए मिलकर गठबंधन बनाते हैं। हमने बिहार में भी ऐसा ही सुझाव दिया था।'

यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के बारे में असदुद्दीन ओवैसी ने बताया, 'अगर TDP, JD(U), कुमारस्वामी, चिराग पासवान और जयंत चौधरी ने पूरी तरह BJP की सोच को अपना लिया है, तो ये अलग बात है। लेकिन अगर BJP के साथ उनके अभी भी कुछ असहमतियां हैं, तो उन्हें इसका विरोध करना चाहिए। बाबासाहेब अंबेडकर ने जो संविधान बनाया है, उसमें हमें अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 के जरिए अपने-अपने धर्म को मानने की आजादी दी गई है।'

UCC का हम विरोध कर रहे (Asaduddin Owaisi)

ओवैसी ने आगे कहा कि UCC, जिसकी शुरुआत उत्तराखंड से हुई और जो अब गुजरात और असम तक पहुंच गया है। गैर-हिंदुओं पर हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, हिंदू विवाह अधिनियम और हिंदू गोद लेने व भरण-पोषण से जुड़े कानूनों को थोपने की कोशिश है। यह बिलकुल गलत है। एक धर्म के कानूनों को दूसरे धर्म पर लागू करना समानता और धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ है। इसलिए हम इसका विरोध कर रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें:CG Congress: मोदी सरकार के 12 साल पर कांग्रेस का बड़ा हमला, PM के जन्मदिन को ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाएगी