
बांग्लादेश पर अफगानिस्तान का पलटवार. (फोटो- PTI)
AFG vs BAN Test: अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले के पहले दो दिनों में खेल का रोमांचक रुख देखने को मिला. एक समय 1 विकेट पर 184 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही बांग्लादेशी टीम को अफगान तेज गेंदबाजी ने जोरदार वापसी करते हुए 346 रनों पर समेट दिया. दूसरे दिन के खेल की शुरुआत 8 विकेट पर 317 रन से करने वाली बांग्लादेश की टीम सुबह के सेशन में 8.3 ओवरों के अंदर बाकी बचे दो विकेट गंवाकर 29 रन ही जोड़ सकी.
सिर्फ दूसरी बार हुआ ऐसा
अफगानिस्तान की इस शानदार वापसी के नायक तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम रहे, जिन्होंने 82 रन देकर 4 अहम विकेट झटके. वहीं, अनुभवी पेसर यामीन अहमदजई ने 79 रन देकर 3 विकेट चटकाए, इनके अलावा इस्मत आलम ने दो सफलताएं हासिल कीं. अफगानिस्तान के टेस्ट इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब उनके तेज गेंदबाजों ने किसी टेस्ट पारी में 9 विकेट अपने नाम किए हैं.
बांग्लादेश पर अफगानिस्तान का पलटवार
मैच के पहले दिन बांग्लादेश ने टॉस के बाद आक्रामक शुरुआत की थी. युवा सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 71 गेंदों पर 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 83 रन ठोके और और शादमान इस्लाम के साथ पहले विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी की. हालांकि, लंच से ठीक पहले टेस्ट के पहले ही सेशन में शतक ठोकने के मौके से वो चूक गए. दूसरे छोर पर शादमान इस्लाम ने संयम दिखाते हुए अपना 9वां टेस्ट अर्धशतक जड़ा और मोमिनुल हक के साथ 60 रन जोड़े. शादमान 67 रन बनाकर मोहम्मद सलीम की शॉर्ट पिच गेंद का शिकार बने.
184 पर 1 विकेट के बाद अफगान गेंदबाजों ने अचानक मैच की लय अपनी तरफ मोड़ ली. शादमान के आउट होने के बाद बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई. मोमिनुल हक 39 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद यामीन अहमदजई ने सटीक यॉर्कर पर अनुभवी मुश्फिकुर रहीम को बोल्ड किया, वहीं, कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 29 रन रन बनाकर स्लिप में कैच दे बैठे, जिससे स्कोरबोर्ड अचानक दबाव में आ गया.
लिटन दास का जुझारू अर्धशतक
इन झटकों के बाद लिटन दास और मेहदी हसन मिराज ने 62 रनों की साझेदारी कर स्थिति संभालने की कोशिश की. लिटन दास ने फॉर्म में लौटते हुए 89 गेंदों में चार चौकों की मदद से 50 रन बनाए. वहीं, नईम हसन ने 67 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से नाबाद 35 रन बनाकर टीम को 340 के पार पहुंचाया. अंत में यामीन ने इबादत हुसैन को 8 पर स्लिप में कैच कराकर बांग्लादेश की पारी 346 पर समेट दी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More