world-news

ADR Report: देश के सबसे अधिक शिक्षित मुख्यमंत्री हैं डॉ. मोहन यादव, संपत्ति के मामले में भी टॉप-6 में शामिल - Haribhoomi

July 29, 2026

ADR की रिपोर्ट के अनुसार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश के सबसे अधिक शिक्षित मुख्यमंत्री हैं। उनके पास BSc, MA, LLB, MBA और PhD की डिग्रियां हैं। रिपोर्ट में उन्हें घोषित संपत्ति के मामले में देश का छठा सबसे संपन्न मुख्यमंत्री भी बताया गया है।

Mohan Yadav

ADR Report देश के सबसे अधिक शिक्षित मुख्यमंत्री हैं डॉ. मोहन यादव

  • Published: 29 Jul 2026, 10:14 AM IST
  • Last Updated: 29 Jul 2026, 10:14 AM IST

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश के सबसे अधिक शिक्षित मुख्यमंत्री हैं। यह जानकारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ओर से देश के 31 मुख्यमंत्रियों पर जारी रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. मोहन यादव देश के उन तीन मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं जिनके पास डॉक्टरेट (PhD) की डिग्री है। उनकी शैक्षणिक योग्यता अन्य सभी मुख्यमंत्रियों की तुलना में सबसे व्यापक मानी गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक डॉ. मोहन यादव के बारे में 
रिपोर्ट के मुताबिक डॉ. मोहन यादव ने बीएससी (BSc), राजनीति विज्ञान में एमए (MA), एलएलबी (LLB), एमबीए (MBA) और पीएचडी (PhD) की डिग्री हासिल की है। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के पास एमए, एलएलबी और पीएचडी की डिग्री है, जबकि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) और प्री-फाउंडेशन कोर्स की योग्यता दर्ज है।
ADR की रिपोर्ट के अनुसार, 31 मुख्यमंत्रियों में केवल तीन के पास डॉक्टरेट की डिग्री है। वहीं एक मुख्यमंत्री डिप्लोमा धारक, नौ स्नातकोत्तर, छह प्रोफेशनल ग्रेजुएट, सात स्नातक, तीन 12वीं और दो 10वीं तक शिक्षित हैं।

रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का भी उल्लेख
रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार डॉ. मोहन यादव करीब ₹42 करोड़ की घोषित संपत्ति के साथ देश के छठे सबसे संपन्न मुख्यमंत्री हैं। उन पर लगभग ₹8 करोड़ की देनदारी है, जबकि उनकी वार्षिक आय करीब ₹24 लाख बताई गई है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री पहले स्थान पर
संपत्ति के मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार पहले स्थान पर हैं। उनके पास लगभग ₹1,413 करोड़ की संपत्ति घोषित है। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (₹931 करोड़), तीसरे पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बी. जोसेफ विजय (₹648 करोड़), चौथे पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू (₹332 करोड़) और पांचवें स्थान पर नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो (₹46 करोड़) हैं।

कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं 
रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. मोहन यादव के खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। जबकि देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से 14 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। सबसे अधिक 89 आपराधिक मामलों का सामना तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कर रहे हैं।
ADR की यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री की शैक्षणिक योग्यता, घोषित संपत्ति और आपराधिक मामलों के आधार पर देशभर के मुख्यमंत्रियों की स्थिति का तुलनात्मक आकलन प्रस्तुत करती है।