Published: Monday, July 13, 2026, 15:56 [IST]
Adarsh Baal Vidyalaya Trailer Out: ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर आज यानी 13 जुलाई 2026 (सोमवार) को वेब सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' का नया ट्रेलर रिलीज किया गया है। वेब सीरीज के ट्रेलर में दर्शकों को एक अजीबोगरीब स्कूल की प्यारी, मजेदार और उथल-पुथल भरी दुनिया की झलक देखने को मिल रही है। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है और लोग इसे काफी पसंद भी कर रहे हैं।
'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर हुआ रिलीज
ट्रेलर में देखा जा सकता है कि रोजाना की मुश्किलों और सीमित संसाधनों के बावजूद, एक अनोखा प्रिंसिपल अपनी टीम को बदलाव लाने के लिए प्रेरित करता है। ये मजेदार कॉमेडी फिल्म अपनी साथ नई चीजें लेकर आई है। टीचर्स से बढ़कर बच्चे और बच्चों से सवा शेर यहां के शिक्षक हैं।
'आदर्श बाल विद्यालय' में होगा सब अजब-गजब
-ट्रेलर की शरुआत में दर्शकों का स्वागत 'आदर्श बाल विद्यालय' में होता है। एक ऐसा स्कूल जहां कोई भी दो दिन एक जैसे नहीं होते, नियम लचीले हैं और यहां के लोग बहुत ही अनोखे हैं। कहानी के केंद्र में हैं ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (के के मेनन), जो एक शांत स्वभाव के प्रिंसिपल हैं लेकिन अपनी तेज सोच और अनोखे तरीकों से हर मुश्किल हालात में स्कूल को बढ़िया से चलाते हैं। हालांकि जब उन्हें पता चलता है कि दिल्ली के जिन दस स्कूलों के बोर्ड परीक्षा परिणाम सबसे अच्छे रहेंगे, उनके प्रिंसिपल को कैम्ब्रिज भेजा जाएगा, तो सब कुछ बदल जाता है।
-ट्रेलर एक मजेदार और यादगार सफर का वादा करता है, जिसमें वह अलग-अलग तरह के टीचर, जोश से भरे स्टूडेंट्स, बहुत ज्यादा एक्साइटेड माता-पिता और अचानक आने वाली मुश्किलों से निपटते हैं। क्या ज्ञानेश्वर 'आदर्श बाल विद्यालय' को दिल्ली के सबसे अच्छे स्कूलों में से एक बना पाएंगे या फिर ये सब उन्हें परेशान कर देगा?
'आदर्श बाल विद्यालय' के डायरेक्टर ने क्या कहा?
वेब सीरीज के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर हिमांक गौर ने कहा है- 'आदर्श बाल विद्यालय में आप जो कुछ भी देखते हैं, वह हम सभी की स्कूल के दिनों की खास यादों से जुड़ा है। दोस्ती, शरारत, टीचर और वो पल जो क्लासरूम छोड़ने के बाद भी लंबे समय तक आपके साथ रहते हैं।
'आदर्श बाल विद्यालय' की दमदार कास्ट
पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले, बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने इस 7 एपिसोड वाली कॉमेडी-ड्रामा सीरीज को लिखा है। इसके डायरेक्टर हिमांक गौर हैं। समीर सक्सेना और बिस्वपति सरकार इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स हैं। इस वेब सीरीज के के मेनन के साथ साथ अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी नजर आएंगे।
कब रिलीज होगी वेब सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय'?
'आदर्श बाल विद्यालय' वेब सीरीज का प्रीमियर आगामी 24 जुलाई 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। ये सीरीज भारत और 240 से अधिक अन्य देशों और क्षेत्रों में हिंदी भाषा में (इंग्लिश सबटाइटल के साथ) रिलीज की जाएगी।