
- 1/6
घर से ऑनलाइन एड्रेस अपडेट
आज के समय में आधार और पैन कार्ड ऐसे दस्तावेज हैं, जिनके बिना रोजमर्रा के कई जरूरी काम अटक सकते हैं. बैंक खाता हो, टैक्स से जुड़ा काम हो या किसी सरकारी सेवा का फायदा लेना हो, दोनों दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है. ऐसे में अगर आपने हाल ही में घर बदला है या किसी दूसरे शहर में शिफ्ट हुए हैं, तो इन दस्तावेजों में नया पता अपडेट कराना जरूरी हो जाता है. अच्छी बात यह है कि अब इसके लिए हर बार दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. आधार और पैन में पता ऑनलाइन अपडेट किया जा सकता है.

- 2/6
पहले आधार में अपडेट करें पता
अगर आप दोनों दस्तावेजों में नया पता अपडेट करना चाहते हैं, तो पहले आधार में पता बदलना बेहतर रहेगा. इसके लिए UIDAI के myAadhaar पोर्टल या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे पहले पोर्टल पर लॉगिन करें और अपना आधार नंबर दर्ज करें. इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन पूरा करें. वेरिफिकेशन के बाद आपको एड्रेस अपडेट करने का विकल्प दिखाई देगा.

- 3/6
नया पता भरते समय रखें ध्यान
अब Address Update का विकल्प चुनकर अपना नया पता ध्यान से भरें. पता वही दर्ज करें, जो आपके वैध Address Proof में दिया गया है. इसके साथ जरूरी Address Proof भी अपलोड करना होगा. फॉर्म जमा करने से पहले एक बार पूरी जानकारी अच्छी तरह जांच लें, क्योंकि पता गलत होने पर आगे परेशानी हो सकती है. रिक्वेस्ट सबमिट होने के बाद आपको एक URN यानी अपडेट रिक्वेस्ट नंबर मिलेगा. इसी नंबर की मदद से आप अपने आधार अपडेट का स्टेटस चेक कर सकते हैं.

- 4/6
अब PAN कार्ड में ऐसे बदलें पता
आधार में नया पता अपडेट होने के बाद PAN में बदलाव की प्रक्रिया की जा सकती है. इसके लिए Protean (NSDL) या UTIITSL की वेबसाइट पर जाना होगा. वहां Change/Correction in PAN Data का विकल्प चुनें और अपना PAN नंबर दर्ज करें. इसके बाद मांगी गई बाकी जानकारी भरनी होगी. आगे आपको Aadhaar-based e-KYC का विकल्प मिल सकता है.

- 5/6
Aadhaar से PAN में कैसे पहुंचेगा नया पता?
अगर आप Aadhaar-based e-KYC का विकल्प चुनते हैं, तो OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा. e-KYC की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधार में अपडेट किया गया नया पता PAN के रिकॉर्ड में भी अपडेट हो सकता है. यानी अगर आपने घर बदल लिया है, तो पहले आधार में पता सही कराना और उसके बाद उसी आधार के जरिए PAN में e-KYC करना आसान तरीका हो सकता है. हालांकि, PAN में बदलाव के लिए फॉर्म के जरिए अपडेट करने का विकल्प भी मौजूद है.

- 6/6
दोनों दस्तावेजों में पता अपडेट करना क्यों जरूरी?
मान लीजिए आपने घर बदल लिया, लेकिन आधार और PAN में अभी भी पुराना पता दर्ज है. ऐसे में भविष्य में किसी दस्तावेज की जरूरत पड़ने पर पता अलग-अलग होने से परेशानी हो सकती है. इसलिए घर बदलने के बाद जरूरी दस्तावेजों में पता अपडेट कराना एक जरूरी काम है. आधार अपडेट रिक्वेस्ट डालने के बाद URN संभालकर रखें. इससे आप अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं. आधार में नया पता अपडेट हो जाने के बाद PAN में Aadhaar-based e-KYC की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इस तरह घर बैठे दोनों जरूरी दस्तावेजों में नया पता अपडेट करने का काम किया जा सकता है.