sports

रांची से अनजान हैं टीम इंडिया के 9 खिलाड़ी, दूसरे T20I में कहीं उलटफेर न हो जाए

October 8, 2026

रांची से अनजान हैं टीम इंडिया के 9 खिलाड़ी, दूसरे T20I में कहीं उलटफेर न हो जाए

टीम इंडिया के कौन-कौन से खिलाड़ी रांची में पहली बार खेलेंगे?Image Credit source: PTI

India vs West Indies 2nd T20I: भारतीय टीम जब दूसरे टी20 मैच के लिए रांची के मैदान पर उतरेगी, तो आधी प्लेइंग-11 के लिए ये एक अबूझ पहेली साबित हो सकता है. शुक्रवार 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा. पहला मैच तो भारतीय टीम ने आसानी से जीत लिया था और सीरीज में 1-0 की बढ़त भी ले ली. मगर दूसरा टी20 मैच थोड़ा अलग हो सकता है क्योंकि भारतीय स्क्वॉड में 10 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने इस मैदान पर कोई टी20 इंटरनेशनल नहीं खेला.

रांची में सिर्फ इन्हें खेलने का अनुभव

ये अनजान मैदान है JSCA स्टेडियम, जहां भारतीय टीम 3 साल के बाद टी20 मैच खेलने जा रही है. इस ग्राउंड में आज तक सिर्फ 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. सबसे पहला मैच 2016 खेला गया था. ऐसे में इस मैदान पर खेल चुके ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी अब टीम का हिस्सा नहीं हैं. इनमें से कुछ रिटायर हो चुके हैं, जबकि कुछ टीम से बाहर चल रहे हैं. यही कारण है कि ज्यादातर खिलाड़ी पहली बार इस मैदान पर टीम इंडिया की जर्सी में उतरेंगे.

बात करें यहां खेल चुके खिलाड़ियों की तो इसमें स्पिनर कुलदीप यादव सबसे ज्यादा 2 मैच खेल चुके हैं. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर, विकेटकीपर ईशान किशन, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और स्पिनर अक्षर पटेल ने यहां एक-एक टी20 मैच खेला है. अर्शदीप, अय्यर और ईशान यहां वनडे मैच भी खेल चुके हैं. वहीं संजू सैमसन ने यहां कोई टी20 इंटरनेशनल तो नहीं खेला है लेकिन वो इस मैदान पर एक वनडे मैच खेल चुके हैं.

पहली बार खेलेंगे ये 9 खिलाड़ी

इस लिहाज से देखा जाए तो मौजूदा भारतीय स्क्वॉड के 6 खिलाड़ियों ने यहां किसी न किसी फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है. मगर बाकी 9 खिलाड़ियों के लिए इस मैदान पर टीम इंडिया की जर्सी में डेब्यू होने जा रहा है. इसमें स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और यहां तक कि उप-कप्तान तिलक वर्मा भी शामिल हैं. इनके अलावा शिवम दुबे, नमन धीर, नीतिश कुमार रेड्डी, मयंक यादव, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई भी इस मैदान की के हालात से अनजान हैं.

ऐसे में अगर भारतीय टीम को दूसरे टी20 मैच में चुनौती का सामना करना पड़ता है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए. खास तौर पर टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन की मौजूदा फॉर्म से मामला और पेचीदा हो सकता है. सैमसन पिछली कई पारियों से कोई बड़ा स्कोर या दमदार बैटिंग का परिचय नहीं दे पाए हैं. ऐसे में क्या वैभव सूर्यवंशी को इस बार मौका मिलेगा? हर फैन बस इसका ही जवाब जानना चाहता है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button