world-news

चंडीगढ़ में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ₹9.51 लाख ठगे: महिला को मनी लॉन्ड्रिंग-मानव तस्करी केस में फंसाने की धमकी दी, हावड़ा से आरोपी गिरफ्तार - Chandigarh News

August 16, 2026

चंडीगढ़ की एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। साइबर ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 9 लाख 51 हजार 347 रुपए ठग लिए। आरोपी ने फोन कर महिला को बताया कि वह मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर मामलों में शामिल है। गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगों न

.

पुलिस ने मामले में हावड़ा पश्चिम बंगाल से राज कुमार शॉ (34) को शनिवार को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम सीधे आरोपी के बैंक खाते में पहुंची थी। पुलिस ने तकनीकी जांच और रकम के लेन-देन के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। मामले में साइबर सेल थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, तकनीकी जानकारी और रकम के लेन-देन का विश्लेषण किया। इसी आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। अब पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

लोगों को ठगने वाले पुलिस गिरफ्त में।

लोगों को ठगने वाले पुलिस गिरफ्त में।

अब विस्तार से पढ़ें पूरा मामला:-

  • आरोपी बोला- आप गंभीर अपराध में फंसी हैं: पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ की रहने वाली महिला के पास ठग का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा अधिकारी बताया और महिला पर मनी लॉन्ड्रिंग तथा मानव तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया।
  • गिरफ्तारी के डर में आ गई: ठग ने महिला को इस तरह डराया कि वह पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर में आ गई। उसे बताया गया कि मामले से बचने के लिए उसके बैंक खाते की जांच की जा रही है। इसी दबाव में महिला ने ठग की ओर से बताए गए बैंक खाते में 9 लाख 51 हजार 347 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
  • रकम राज कुमार के खाते में पहुंची: मामला सामने आने के बाद साइबर अपराध थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक लेन-देन और रकम के ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच की। इसमें सामने आया कि ठगी की पूरी रकम राज कुमार शॉ के बैंक खाते में जमा हुई थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान हावड़ा, पश्चिम बंगाल निवासी राज कुमार शॉ के रूप में की। इसके बाद उसकी लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई गई।
  • हावड़ा में दबिश देकर पकड़ा: तकनीकी जांच से आरोपी का ठिकाना पता चलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस की टीम हावड़ा पहुंची और दबिश देकर शॉ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे चंडीगढ़ लेकर आई, जहां पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
  • ठगी में एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि ठगी में एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था। अब पुलिस उसकी पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही, ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजने और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस बोली ऐसे ठगों के जाल में न आएं

पुलिस ने लोगों से डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, ठग खुद को पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर फोन करते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे ट्रांसफर करवाते हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के जरिए गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे जमा कराने के लिए नहीं कहती। ऐसे फोन आने पर घबराने के बजाय अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी खाते में रकम ट्रांसफर न करें। साथ ही, तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम थाने को सूचना दें।