मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
80s के रेट्रो ट्रेंड में रंगे एमपी के नेता लगता है देश ने इन दिनों रिवर्स गियर लगा लिया है। हर कोई खुद को 80s के दौर में देखना चाहता है। कपड़ों से लेकर गानों और तस्वीरों तक, रेट्रो का रंग छाया हुआ है। अब नेता नगरी भी इससे अछूती नहीं रही।
मध्य प्रदेश के नेता भी 80s के इस रेट्रो ट्रेंड को फॉलो करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर नेताओं की तस्वीरों का ऐसा रेट्रो अवतार छाया हुआ है कि पुराने जमाने की यादें ताजा हो रही हैं।
मोहन यादव हों या शिवराज सिंह चौहान, दिग्विजय सिंह हों या कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया हों या कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा हों या जीतू पटवारी- कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही दलों के नेताओं की रेट्रो स्टाइल वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब नजर आ रही हैं।
यानी नेता जी का अंदाज वही, बस तस्वीर का जमाना बदल गया। कोई 80s के हीरो जैसा नजर आ रहा है तो किसी का लुक पुराने दौर की याद दिला रहा है।
आखिर सोशल मीडिया का दौर है भाई... जो दिखता है, वही बिकता है। इसलिए जमाने के साथ चलना तो पड़ेगा ही।

मध्य प्रदेश के नेताओं की भी 80s के रेट्रो ट्रेंड की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई है।
अफसर के लिए लपटों में कूदा कर्मचारी अधिकारी की ऐसी भक्ति कि उनके सम्मान में कर्मचारी लपटों में कूद गया। मामला नर्मदापुरम का है, जहां आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गंदगी और खराब सड़कों के विरोध में नगर पालिका सीएमओ का पुतला जला रहे थे। तभी वहां तैनात एक कर्मचारी पुतले को बचाने के लिए प्रदर्शनकारियों से भिड़ गया।
कर्मचारी ने पहले हाथों से पुतले की आग बुझाने की कोशिश की। जब बात नहीं बनी तो पैरों से आग बुझाने लगा। इतना ही नहीं, उसने अपनी शर्ट तक उतार दी और उससे आग बुझाने लगा। कर्मचारी का मकसद एक ही था- पुतला नहीं जलने देना। आखिरकार उसने पानी डालकर पुतले की आग बुझाई।
आग बुझाने की कोशिश में कर्मचारी झुलस भी गया। उसने अपने सीएमओ साहब की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और कहा कि ये लोग सीएमओ साहब का पुतला जला रहे थे... मेरे मुखिया का पुतला जले और मैं देखता रहूं।
वैसे नेताओं के पुतले बचाने के लिए पुलिसकर्मियों की ऐसी कसरत तो अक्सर देखने को मिलती है, लेकिन अधिकारी के पुतले को बचाने के लिए कर्मचारी का इस तरह आग में कूद जाना कुछ नया जरूर है। शायद पहली बार...

नर्मदापुरम में अपने अधिकारी का पुतला बचाने के लिए कर्मचारी लपटों में कूद गया।
सांसद को कार्यक्रम छोड़कर जाना पड़ा भाजपा सांसद विकास कार्य गिना रहे थे, लेकिन तभी एक उप सरपंच ने ऐसी पोल खोली कि सांसद जी को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर निकलना पड़ा। मामला श्योपुर का है।
मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर श्योपुर में पंच-सरपंचों के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सांसद जी विकास कार्यों का बखान कर रहे थे, तभी विकास कार्य नहीं होने से नाराज पंच-सरपंचों ने हंगामा शुरू कर दिया। एक उप सरपंच तो उनके सामने आकर खड़ा हो गया।
विरोध इतना बढ़ गया कि सांसद जी को कार्यक्रम छोड़कर निकलना पड़ा। यानी विकास गिनाने आए थे, लेकिन पंच-सरपंचों के सवालों ने पूरा हिसाब-किताब बिगाड़ दिया।
और इस तरह सांसद जी की फजीहत हो गई। वही बात हो गई- बहुत बे-आबरू होकर तेरे कूचे से हम निकले..।

श्योपुर में पंच-सरपंच सम्मेलन में हंगामे के बाद सांसद कार्यक्रम छोड़कर चले गए।
और अब अंदर की बात..
सर, मुझे सर्किट हाउस में उलझाए रखा सागर में जहरीली शराब कांड में एक बड़े पुलिस अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला कुछ यूं है कि सरकार ने इस घटना की सच्चाई जानने के लिए आबकारी विभाग के बड़े अफसर को जांच के लिए सागर भेजा।
ये अफसर सर्किट हाउस में रुके। उन्होंने वहां जिले के बड़े अधिकारियों को तलब किया। इनमें पुलिस के एक बड़े अधिकारी भी शामिल थे। लेकिन इन्होंने घटना से जुड़े तथ्यों को बताने और सबूत देने में इतना वक्त लगाया कि भोपाल से गए अफसर को करीब 5 से 6 घंटे तक सर्किट हाउस में ही रुकना पड़ा।
इसके बाद जब वो मौके पर पहुंचे तो वहां उन्हें कोई अहम सबूत हाथ नहीं लगा। सुना है कि अब आबकारी विभाग के इस अफसर ने सरकार से पुलिस के इस अधिकारी के खिलाफ शिकायत कर दी है और सारी हकीकत बयां कर दी है। अब 'सरकार' जल्द ही कोई एक्शन ले सकते हैं।
इनपुट सहयोग - धर्मेंद्र दीवान (नर्मदापुरम), कुलदीप शर्मा (श्योपुर)
ये भी पढ़ें - राहुल के 'शो' को लेकर साउथ के सुपरस्टार जैसा जश्न: विजयवर्गीय बोले- राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचारक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार पहुंच गया, इसे लेकर कांग्रेस ने जश्न मनाया। जैसे साउथ के किसी सुपरस्टार की फिल्म रिलीज होती है और फैंस सड़कों पर उतरकर जश्न मनाते हैं, कुछ वैसा ही नजारा इंदौर में देखने को मिला। पूरी खबर पढ़ें