world-news

रतलाम 8 लेन पर चंडीगढ़ लेबल वाली शराब बिखरी मिली: बोतलों पर पैकिंग सील नहीं, कार के टूटे पार्ट्स और नंबर प्लेट जब्त - Ratlam News

September 17, 2026

रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार रात धामनोद टोल नाके से कुछ दूर आगे सड़क के दोनों हिस्सों के बीच अवैध अंग्रेजी शराब के क्वार्टर बिखरे मिले। शराब की बोतलों पर चंडीगढ़ का लेबल लगा है और ढक्कनों पर पैकिंग सील नहीं है। मौके से

.

पुलिस को आशंका है कि शराब तस्करी के दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ और शराब सड़क किनारे बिखर गई। पुलिस ने 924 क्वार्टर यानी 166.32 बल्क लीटर शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 1 लाख 30 हजार 540 रुपए बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

गड्ढे और पेड़ के पास बिखरी मिली शराब

मंगलवार रात करीब 1 बजे थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को 8 लेन पर नाइट मॉनिटरिंग करने वाले स्टाफ ने दोनों सड़क के बीच शराब की बोतलें बिखरी होने की सूचना दी। इसके बाद एएसआई दिनेश कुमार मावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

डेलनपुर के पास एक खंभे के पास गड्ढे और टूटे पेड़ के आसपास ऑल सीजन और रॉयल चैलेंज ब्रांड के क्वार्टर बिखरे मिले। कुछ क्वार्टर प्लास्टिक के दो कट्टों में भी रखे हुए थे।

8 लेन पर सड़क के बीच झाड़ियों में बिखरी पड़ी शराब की बोतले।

8 लेन पर सड़क के बीच झाड़ियों में बिखरी पड़ी शराब की बोतले।

1 लाख से ज्यादा की शराब जब्त

पुलिस ने शराब की गिनती की तो ऑल सीजन के 688 और रॉयल चैलेंज के 236 क्वार्टर मिले। ऑल सीजन के प्रत्येक क्वार्टर पर 140 रुपए और रॉयल चैलेंज के प्रत्येक क्वार्टर पर 145 रुपए कीमत लिखी थी।

पुलिस के अनुसार कुल 166.32 बल्क लीटर शराब मिली, जिसकी कीमत 1 लाख 30 हजार 540 रुपए है। बोतलों पर चंडीगढ़ का लेबल मिला है। पुलिस के मुताबिक बोतलों के ढक्कनों पर पैकिंग सील नहीं थी।

कार के टूटे पार्ट्स और दो नंबर प्लेट मिलीं

बुधवार दोपहर थाना प्रभारी गायत्री सोनी और सब इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने उस जगह की दोबारा जांच की, जहां झाड़ियों के बीच शराब मिली थी।

मौके से चार पहिया वाहन के आगे के हिस्से के टूटे पार्ट्स मिले। इसके अलावा दो अलग-अलग चार पहिया वाहनों की नंबर प्लेट भी मिली हैं। इनमें से एक नंबर प्लेट जयपुर के वाहन की बताई जा रही है।

8 लेन पर थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर जांच करते हुए।

8 लेन पर थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर जांच करते हुए।

पुलिस को मौके पर वाहन के सड़क से नीचे उतरने, पेड़ से टकराने और फिर रिवर्स लेने के पहियों के निशान भी मिले। एक पेड़ भी टूटा हुआ मिला है।

शराब तस्करी के दौरान हादसे की आशंका

पुलिस को आशंका है कि रात में कार से अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही थी। इसी दौरान कार सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकराई होगी, जिससे शराब बिखर गई। इसके बाद पुलिस की भनक लगने पर अज्ञात आरोपी कार लेकर मौके से निकल गया होगा।

हालांकि यह पूरा घटनाक्रम अभी पुलिस की जांच का हिस्सा है। मौके पर कोई वाहन नहीं मिला है, इसलिए कार किसकी थी और शराब कहां से लाई जा रही थी, इसका पता लगाया जा रहा है।

शराब के साथ यह नंबर प्लेट भी मिली है। पुलिस ने ऊपर वाले नंबर की तलाश की तो यह जयपुर राजस्थान का निकला है। दूसरे नंबर की जांच की जा रही है।

शराब के साथ यह नंबर प्लेट भी मिली है। पुलिस ने ऊपर वाले नंबर की तलाश की तो यह जयपुर राजस्थान का निकला है। दूसरे नंबर की जांच की जा रही है।

आसपास के ग्रामीणों के शराब ले जाने की भी आशंका

पुलिस को यह भी आशंका है कि रात में बड़ी मात्रा में शराब बिखरी होगी और अंधेरे का फायदा उठाकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के कुछ लोग शराब के क्वार्टर उठाकर ले गए होंगे। पुलिस अब आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पूछताछ करेगी।

आबकारी विभाग को भी सूचना दी गई है। विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में ऑल सीजन और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब को लेकर जानकारी जुटाएगी।

सीसीटीवी में दिखी सफेद किआ कार

पुलिस ने प्राथमिक तौर पर 8 लेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी है। इसमें रात के समय सफेद रंग की एक किआ कार गुजरती दिखाई दी है। पुलिस अब फुटेज की विस्तृत जांच कर रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब मौके तक कैसे पहुंची और क्या सीसीटीवी में संदिग्ध वाहन की आगे की गतिविधि भी दिखाई देती है।

इन दोनों ब्रांड की शराब की बोतले मिली।

इन दोनों ब्रांड की शराब की बोतले मिली।

फोरेंसिक और लैब जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल

थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि 8 लेन के मॉनिटरिंग स्टाफ से रात में शराब बिखरी होने की सूचना मिली थी। मौके पर टीम पहुंची, लेकिन कोई वाहन नहीं मिला। घटनास्थल पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ लेबल वाली अलग-अलग ब्रांड की शराब जब्त की गई है। बोतलों पर पैकिंग सील नहीं है। शराब में किसी तरह की मिलावट या जहरीले पदार्थ की आशंका को देखते हुए सैंपल फोरेंसिक और लैब जांच के लिए भेजे जाएंगे। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।