world-news

मर्डर-रंगदारी... 75 केस, ड्रोन से पाकिस्तान से मंगवाता था हथियार; कौन था सुजीत सिन्हा, जिसका हुआ एनकाउंटर?

August 3, 2026

Jharkhand Sujeet Sinha Encounter: झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार देर रात पुलिस एनकाउंटर में मारा गया. पुलिस के अनुसार, जेल में बंद रहने के बावजूद वह अपने गिरोह का संचालन करता रहा और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए नेटवर्क सक्रिय रखता था.

पुलिस के अनुसार, उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. रास्ते में जामताड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित सुपायडीह हाईवे पर कैदी वाहन पंचर हो गया. इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उसे दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था.

इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास किया. पुलिस का दावा है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की. जवाबी फायरिंग में सुजीत सिन्हा मौके पर ही मारा गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.

75 से अधिक मामलों में था आरोपी

मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले का रहने वाला सुजीत सिन्हा राज्य के सबसे कुख्यात अपराधियों में गिना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आगजनी, धमकी, अवैध वसूली और संगठित अपराध समेत 75 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. उसका नेटवर्क झारखंड के आधा दर्जन से अधिक जिलों तक फैला हुआ था और व्यापारी वर्ग के बीच उसका नाम आतंक का पर्याय माना जाता था.

2007 की डबल मर्डर वारदात से चर्चा में आया

सुजीत सिन्हा पहली बार वर्ष 2007 में पलामू जिले के टाउन थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस के बाद सुर्खियों में आया था. टेंडर विवाद में भूषण सिंह और अनिल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच में इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड सुजीत सिन्हा को माना गया.

बाद में इस मामले सहित कई अन्य मामलों में सुनवाई के बाद वर्ष 2019 में पलामू की अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. हालांकि जेल में रहने के बावजूद उसके गिरोह की गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं हुई थीं.

पत्नी भी जेल में बंद, गिरोह संचालन का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा पर भी उसके आपराधिक नेटवर्क के संचालन में शामिल होने के आरोप हैं. फिलहाल वह चाईबासा जेल में बंद है. पुलिस का कहना है कि गिरोह के कई सदस्य अब भी सक्रिय हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

अन्य गैंग से भी जुड़े होने का दावा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुजीत सिन्हा गिरोह के संबंध झारखंड के अन्य कुख्यात गिरोहों, जिनमें अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह शामिल हैं, से रहे हैं. जांच एजेंसियां आरोपों की पड़ताल कर रही हैं कि रंगदारी से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल संगठित अपराध के नेटवर्क को मजबूत करने में किया जाता था. इन वित्तीय लेन-देन और कथित अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच विभिन्न एजेंसियां कर रही हैं.

पुलिस के अनुसार, कारोबारी और व्यापारियों से वसूली गई रंगदारी की रकम गिरोह के सदस्यों के जरिए प्रिंस खान तक पहुंचाई जाती थी. जांच में यह भी आरोप है कि इस धनराशि को यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेजा जाता था. एजेंसियों का दावा है कि इसी पैसे का इस्तेमाल अवैध हथियार खरीदने में किया जाता था और बाद में ड्रोन के माध्यम से पंजाब सीमा के रास्ते हथियार भारत लाए जाते थे. इन हथियारों का इस्तेमाल विभिन्न आपराधिक वारदातों में किए जाने का आरोप है. इन सभी आरोपों की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं.

पहले भी कई बार बदली गई थी जेल

सुरक्षा कारणों से सुजीत सिन्हा को एक दर्जन से अधिक बार झारखंड की अलग-अलग जेलों में शिफ्ट किया जा चुका था. पुलिस का मानना था कि वह जेल के भीतर से भी अपने नेटवर्क को संचालित करने में सक्षम था.

गौरतलब है कि इससे पहले 11 मार्च 2025 को कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू भी रायपुर जेल से रांची लाए जाने के दौरान पलामू जिले के चैनपुर क्षेत्र में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था. अब करीब डेढ़ वर्ष के भीतर झारखंड के दो बड़े गैंगस्टरों की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है. फिलहाल सुजीत सिन्हा एनकाउंटर मामले की भी नियमानुसार जांच की जा रही है.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button