बिहार के स्कूलों में 8 अगस्त से शनिवार को हाफ डे लागू होगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने टीचर ट्रांसफर पर भी दी बड़ी जानकारी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार के स्कूलों में 8 अगस्त से शनिवार को हाफ डे लागू होगा।
- Published: 06 Aug 2026, 03:49 PM IST
- Last Updated: 06 Aug 2026, 03:49 PM IST
Bihar schools Saturday half day: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब शनिवार के दिन आधे समय ही पढ़ाई होगी। राज्य में एक बार फिर शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था बहाल कर दी गई है, जिसके तहत टिफिन ब्रेक के बाद विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग ने 6 अगस्त को इस संबंध में विधिवत अधिसूचना जारी कर दी है।
यह नई व्यवस्था इसी शनिवार, यानी 8 अगस्त से पूरे राज्य में लागू हो जाएगी। इस दिन सभी सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की कक्षाएं आधे दिन तक ही चलेंगी, उसके बाद स्कूल की छुट्टी कर दी जाएगी। गौरतलब है कि बिहार में पहले भी शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था लागू थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था।
शिक्षा मंत्री ने पत्रकारों से की बातचीत
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार दोपहर पटना के मदन मोहन सभागार में मीडिया से मुखातिब होते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही स्कूलों में शनिवार को हाफ डे रखने की व्यवस्था दोबारा शुरू करने का ऐलान कर चुके थे, जिस पर शिक्षा विभाग ने सहमति देते हुए सारी तैयारियां पूरी कर लीं। मंत्री के इस बयान के कुछ ही देर बाद विभाग ने औपचारिक अधिसूचना भी जारी कर दी।
1.06 लाख शिक्षक सरप्लस, 73,151 ने मांगा तबादला|
शिक्षा मंत्री ने इसी दौरान सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के तबादले को लेकर भी अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बिहार के स्कूलों में करीब 1.06 लाख शिक्षक सरप्लस हैं, यानी ऐसे कई स्कूल हैं जहां स्वीकृत पदों या विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में जरूरत से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं।
ट्रांसफर प्रक्रिया के पहले चरण में विभाग ने इन्हीं सरप्लस शिक्षकों से ऐच्छिक तबादले के लिए आवेदन मांगे थे, जिसके तहत अब तक कुल 73,151 शिक्षकों ने ट्रांसफर के लिए आवेदन दिया है।
17 सितंबर से खुलेगा सामान्य ट्रांसफर के लिए पोर्टल
मंत्री मिथिलेश तिवारी के मुताबिक, राज्य में शिक्षकों के च्वॉइस ट्रांसफर की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। फिलहाल सिर्फ सरप्लस शिक्षकों से ही आवेदन लिए गए हैं। इसके बाद 17 सितंबर से सामान्य शिक्षकों के लिए भी पोर्टल खोला जाएगा, जिसमें सामान्य शिक्षकों के साथ-साथ अब तक छूटे हुए सरप्लस शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे।
जानें ट्रांसफर प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल
शिक्षा विभाग पहले ही शिक्षकों के ऐच्छिक तबादले से जुड़ा पूरा शेड्यूल और नियमावली सार्वजनिक कर चुका है। इस प्रक्रिया के तहत पहले सरप्लस और म्युचुअल ट्रांसफर किए जाएंगे, उसके बाद सामान्य ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होगी। शिक्षकों के तबादले की यह पूरी प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू हो चुकी है।
शिक्षा विभाग के तय शेड्यूल के मुताबिक, 7 सितंबर तक समायोजन के जरिए सरप्लस शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 10 से 14 सितंबर के बीच म्युचुअल ट्रांसफर की सूची जारी की जाएगी। इस चरण के बाद 17 से 23 सितंबर तक सामान्य शिक्षकों के ट्रांसफर के लिए आवेदन लिए जाएंगे।