world-news

मैनपुरी में 7 ग्रामीण सड़कों को मिली मंजूरी: 9.71 करोड़ रुपए स्वीकृत, पहली किस्त के 3.31 करोड़ जारी; PWD जल्द शुरू करेगा काम - Mainpuri News

August 27, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Mainpuri
  • Mainpuri Rural Roads Project | PWD Approval & Fund Allocation Update

अभिषेक जैन | मैनपुरी1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों की स्थिति सुधारने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ग्राम योजना के तहत क्षेत्र की सात ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत को शासन से मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 971.45 लाख यानी करीब 9.71 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। शासन ने पहली किस्त के तौर पर 331.90 लाख यानी करीब 3.31 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं।

धनराशि जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने संबंधित मार्गों पर काम शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। सातों सड़कों के निर्माण से गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

किस सड़क के लिए कितना बजट-

  • नगला ताल से सुरजनपुर पुलिया तक: नगला ताल (प्रापा शाहआलमपुर) से माइनर की पटरी पर सुरजनपुर की पुलिया तक मार्ग के लिए 98.84 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। पहली किस्त में 33.77 लाख रुपए जारी किए गए हैं।
  • जलालपुर से नगला राम सहाय: बेवर-संकिसा मार्ग से जलालपुर होते हुए जीटी मार्ग पर ग्राम जलालपुर उदयवीर के खेत से नगला राम सहाय तक सड़क निर्माण के लिए 131.96 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त में 45.08 लाख रुपए जारी हुए हैं।
  • धमियापुर से नगला दिनी: इस मार्ग का नवनिर्माण होगा। इसके लिए 125.65 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं, जबकि पहली किस्त के रूप में 42.93 लाख रुपए मिले हैं।
  • धनमऊ-खटाना-कुंजलपुर से सहारा-तेजपुरा मार्ग: धनमऊ-खटाना-कुंजलपुर मार्ग से बंबा की पटरी पर सूरज सिंह के स्कूल होते हुए सहारा-तेजपुरा मार्ग के निर्माण के लिए सबसे अधिक 200.81 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पहली किस्त में 68.61 लाख रुपए जारी हुए हैं।
  • दुर्जनपुर से बंजरिया: इस सड़क के लिए 152.72 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पहली किस्त के तौर पर 52.18 लाख रुपए जारी हो चुके हैं।
  • नगला टुडारी तक नया मार्ग: भोगांव-संकिसा मार्ग से नगला टुडारी तक नए मार्ग के लिए 114.42 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। इसके लिए पहली किस्त में 39.09 लाख रुपए जारी किए गए हैं।
  • करनपुर निवरी से ब्रह्मदेव चौराहा: करनपुर निवरी से देवगंज-भविचंद्रपुर मार्ग होते हुए ब्रह्मदेव चौराहा तक सड़क के लिए 147.05 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त के रूप में 50.24 लाख रुपए जारी किए गए हैं।

किसानों से छात्रों तक को मिलेगी राहत

सातों सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने पर किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने और व्यापारियों समेत रोजाना आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

पहली किस्त जारी होने के बाद अब परियोजनाएं कागजी प्रक्रिया से आगे बढ़कर धरातल पर उतरने की स्थिति में हैं। विभागीय स्तर पर काम शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कें ग्रामीण विकास की बुनियादी जरूरत हैं और स्वीकृत कार्य जल्द जमीन पर दिखाई देंगे।

.