निकाय चुनाव में सियासत के साथ उम्मीदवारों की आर्थिक हैसियत भी चर्चा में है। जयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर, सीकर, उदयपुर और जोधपुर से चुनाव मैदान में उतरे भाजपा-कांग्रेस के 1172 उम्मीदवारों में 297 यानी करीब 25.34% उम्मीदवार करोड़पति हैं।
.
यानी हर चार में से करीब एक उम्मीदवार करोड़पति है। इनमें भाजपा के 175 और कांग्रेस के 122 उम्मीदवार शामिल हैं। 97 करोड़पति उम्मीदवारों के साथ जयपुर सबसे आगे है, जबकि सीकर में यह संख्या 47 है। इनमें निर्दलीय उम्मीदवार शामिल नहीं हैं।

पढ़िए, किस शहर में किस कैंडिडेट के पास कितनी संपत्ति…
1. जयपुर में 97 उम्मीदवार करोड़पति:सबसे अमीर के पास 35 करोड़, एक प्रत्याशी के खाते में 12 रुपए

जयपुर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस के 298 उम्मीदवारों में से 97 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 62 और कांग्रेस के 35 प्रत्याशी हैं। दोनों दलों में टॉप 5 करोड़पति की लिस्ट में वार्ड 112 के बीजेपी के प्रत्याशी सुनील कोठारी सबसे आगे हैं। कोठारी के पास करीब 35 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। पेशे से रत्न व्यवसायी सुनील कोठारी पर 4.50 करोड़ और उनकी पत्नी पर 11 करोड़ की देनदारी बकाया है। पढ़िए, ममता कुमारी की रिपोर्ट…
2. सीकर में भाजपा-कांग्रेस के 47 करोड़पति उम्मीदवार:24 प्रत्याशियों के बैंक अकाउंट में एक रुपए भी नहीं

सीकर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस के 128 उम्मीदवारों में से 36% यानी 47 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इसमें भाजपा के 18 और कांग्रेस के 29 प्रत्याशी हैं। दोनों दलों में सबसे अमीर प्रत्याशी वार्ड 34 से कांग्रेस के अशोक चौधरी हैं। अशोक चौधरी की 8 करोड़ से अधिक की संपत्ति है।
वहीं 24 उम्मीदवारों के पास चल-अचल संपत्ति नहीं है। इनके बैंक अकाउंट में एक रुपया भी नहीं है। हालांकि इनके पति या पत्नी के पास संपत्ति है। पढ़िए, स्वप्निल सक्सेना की रिपोर्ट…
3. कोटा में कांग्रेस-BJP के 17 प्रत्याशी करोड़पति:एक उम्मीदवार के पास 1.20 करोड़ की गाड़ियां

कोटा के चुनावी मैदान में कांग्रेस और BJP के उम्मीदवारों की संपत्ति के आंकड़े खासे दिलचस्प हैं। पार्षद का चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस के 200 उम्मीदवारों में से 8% से ज्यादा यानी 17 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 13 और कांग्रेस के 4 प्रत्याशी हैं।
दोनों में सबसे अमीर प्रत्याशी देवेंद्र कुमार शर्मा हैं, जिनके पास 12 करोड़ के करीब चल अचल संपत्ति है। जबकि, दोनों दलों में 9 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके पास 50 हजार की भी चल अचल संपत्ति नहीं है।
इनमें बीजेपी के 5 और कांग्रेस के 4 प्रत्याशी हैं। वार्ड 51 से भाजपा प्रत्याशी के पास 1 करोड़ 20 लाख के वाहन हैं, जबकि वार्ड 79 से बीजेपी प्रत्याशी के पास बाइक तक नहीं हैं। पढ़िए, मुकेश सोनी और नितिन शर्मा की रिपोर्ट…
4. अलवर- कांग्रेस बीजेपी के 33 प्रत्याशी करोड़पति: 5 महिलाओं के पास 104 करोड़ रुपए की संपत्ति

अलवर नगर निगम के चुनाव में बीजेपी व कांग्रेस ने 130 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। जिनमें एक कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस व बीजेपी के 129 प्रत्याशियों में 30 प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं।
बीजेपी की दो महिला प्रत्याशी के पास 44 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। कांग्रेस में 3 महिला प्रत्याशियों के पास करीब 50 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इस तरह 5 महिला प्रत्याशी व उनके पति की संपति करीब 103 करोड़ रुपए है। पढ़िए, धर्मेंद्र यादव की रिपोर्ट…
5. अजमेर- कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई मोनिका सबसे अमीर: कांग्रेस के एक उम्मीदवार के पास एक रुपया भी नहीं

अजमेर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस के 157 उम्मीदवारों में से 21 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इसमें भाजपा के 17 और कांग्रेस के 4 प्रत्याशी हैं। दोनों दलों में सबसे अमीर प्रत्याशी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं मोनिका जैन हैं। मोनिका ने पिछला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा और वे हार गईं।
वहीं, कांग्रेस का एक उम्मीदवार ऐसा भी है, जिसके पास एक रुपया भी नहीं। नामांकन पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक वार्ड 73 के पुष्पेन्द्र ओझा के पास न चल संपत्ति है, न अचल संपत्ति और उनके बैंक अकाउंट में एक भी रुपया नहीं है। पढ़िए, सुनिल जैन और भरत मूलचंदानी की रिपोर्ट…
6. जोधपुर में भाजपा-कांग्रेस के 46 उम्मीदवार करोड़पति: सबसे अमीर पूर्व राजसिको चेयरमैन

जोधपुर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस के 200 उम्मीदवारों में से 23 प्रतिशत यानी 46 उम्मीदवार करोड़पति है। इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों के 23 प्रत्याशी शामिल हैं। दोनों दलों में सबसे अमीर प्रत्याशी पूर्व राजसिको चेयरमैन मेघराज लोहिया हैं, जिनके पास 67.15 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। वहीं दोनों पार्टियों के सात महिलाए प्रत्याशी ऐसी भी है जिनके पास करोड़ों रुपए की चल-अचल प्रॉपर्टी है। पढ़िए, जयदीप पुरोहित और अंकित ढाका की रिपोर्ट…
7. उदयपुर में BJP-कांग्रेस के 38 उम्मीदवार करोड़पति:सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष सबसे अमीर

उदयपुर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे BJP और कांग्रेस के करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या काफी ज्यादा है। दोनों दलों के कुल 38 प्रत्याशी करोड़पति हैं। इनमें सबसे ज्यादा अमीर भाजपा उम्मीदवार उदयपुर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत आंचलिया हैं, जो वार्ड 53 से चुनाव लड़ रहे हैं। उदयपुर में नगर निगम चुनाव में दोनों पार्टियों के कुल 38 करोड़पति उम्मीदवारों में से भाजपा के 26 और कांग्रेस के 12 उम्मीदवार है। पढ़िए, मुकेश हिंगड़, सतीश शर्मा और अनूप पाराशर की रिपोर्ट…