- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Auraiya
- Lucknow Protest: Auraiya Non Teaching Staff Demand Cashless Health Scheme
औरैया2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

औरैया में शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ की त्रैमासिक बैठक में सोमवार को हुई जिसमें कैशलेस सुविधा से बाहर रखे जाने पर रोष व्यक्त किया गया। महासंघ ने 7 अगस्त 2026 को लखनऊ में धरना प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह बैठक जिलाध्यक्ष पुष्पक शुक्ला की अध्यक्षता में तिलक इंटर कॉलेज सभागार में संपन्न हुई।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कुमार शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षक दिवस पर अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, संपदा कर्मियों और रसोइया कर्मचारियों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा का शासनादेश जारी किया है। हालांकि, इसी संस्था में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों (लिपिक और चतुर्थ श्रेणी) को इस सुविधा से बाहर रखा गया है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

इसी मुद्दे पर, प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत 7 अगस्त 2026 को लखनऊ के निशातगंज स्थित शिक्षा महानिदेशक कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदेश सचिव राधा रमण तिवारी ने औरैया जनपद से कम से कम 100 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से धरने में शामिल होने की अपील की।
जिला कोषाध्यक्ष ध्रुव पाण्डेय ने कर्मचारियों से अपने विद्यालयों से आकस्मिक अवकाश लेकर धरने में पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय से कम से कम पांच साथी अपने निजी वाहन, ट्रेन या बस से सुबह 11 बजे तक लखनऊ पहुंचकर धरने को सफल बनाएं।

बैठक में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई कि जनपद के कुछ विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रधान लिपिक द्वारा उनका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के पटल सहायक द्वारा जॉइनिंग कराने के एवज में सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है, जबकि डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी जॉइनिंग लेटर जारी नहीं किए गए हैं।
इस स्थिति पर भी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में गहरा रोष है। महासंघ ने घोषणा की कि जल्द ही औरैया जनपद का एक प्रतिनिधिमंडल जिला विद्यालय निरीक्षक और उच्च शिक्षा अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता करेगा। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षणेत्तर और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर प्रदीप कुमार कठेरिया,सोरभ अवस्थी, दिलीप कुमार बाथम, देवकीनन्दन,अतुल कुमार पोरवाल, रागिनी राजपूत,निशा राजपूत, कृष्ण पाल सिंह बघेल,आकाश त्रिपाठी,धर्म वीर,साहेल शर्मा, प्रतीक दुवे,बंसल कुमार, सन्तोष कुमार, प्रदीप कुमार,नीरज कुमार द्विवेदी, हरिकृष्ण द्विवेदी,अभय कुमार बाजपेई, श्याम सुंदर,दिनेश चंद्र, बृजेश बाबू,अखलेश कुमार,बीनू शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।
.