अंजड नगर में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथ यात्रा रिमझिम बारिश और 'जय जगन्नाथ' के जयकारों के बीच निकाली गई। हजारों भक्तों की उपस्थिति में यह यात्रा शाम 5 बजे बड़वानी रोड स्थित एक निजी जिनिंग फैक्ट्री से शुरू हुई और देर रात अन्नपूर्णा मांगलि
.
यात्रा से पूर्व दोपहर 4 बजे भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की प्रतिमाओं को विधि-विधान से रथ में विराजित किया गया। इसके बाद प्रतिमाओं का श्रृंगार कर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
इस अवसर पर 101 जोड़ों और नगर के सभी समाज प्रमुखों ने सामूहिक महाआरती की। परंपरा के अनुसार, नगर के समाज प्रमुखों ने स्वयं झाड़ू लगाकर रथ की सफाई की और रथ में बंधे रस्से को खींचकर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।

रथ को फूलों से सजाया गया था, जिसमें भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ विराजमान थे। यात्रा बसस्टैंड, गणगौर चौक, सराफा बाजार, अस्पताल चौक और मारू मोहल्ला जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
लगभग 2 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को तय करने में यात्रा को करीब 5 घंटे लगे। रात्रि 9 बजे यात्रा अन्नपूर्णा मांगलिक भवन पहुंची, जहां रथ की कथा वाचन के बाद महाआरती की गई और महाप्रसादी का वितरण किया गया।

रथ यात्रा को लेकर पूरे नगर में उत्साह देखा गया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने अपने घरों के सामने और छतों पर खड़े होकर भगवान के दर्शन किए और पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु रथ का रस्सा खींचने और दर्शन करने के लिए उमड़ पड़े।
रथ यात्रा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल थीं। सबसे आगे एक रथ में नगाड़े की ध्वनि गूंज रही थी, जिसके पीछे तीन ट्रालों में भजन मंडलियां भगवान जगन्नाथ के भजन प्रस्तुत कर रही थीं।

डीजे पर "जय जगन्नाथ चकानैन" के भजनों पर युवा झूमते नजर आए। मादल की थाप पर आदिवासी लोकगीतों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। यात्रा के अग्रभाग में इस्कॉन मंदिर के भक्तजन ढोल-मंजीरों के साथ "हरे रामा हरे कृष्णा" की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। रास्तेभर श्रद्धालुओं को चावल की खिचड़ी की प्रसादी भी वितरित की गई।

जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल रथ यात्रा में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, जिला अध्यक्ष अजय यादव, नगर परिषद अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंतर सिंह पटेल, पूर्व सीसीबी उपाध्यक्ष राजेन्द्र भावसार, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर, बंटी बंसल, भरत यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा और कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने भजनों पर भक्ति भाव से झूमते हुए रथ का रस्सा खींचकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया।