बगहा में बाघ के हमले में 35 साल की एक महिला की मौत हो गई है। घटना वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मदनपुर वन क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि सिरसिया गांव की रहने वाली सलमा खातून कुछ महिलाओं के साथ बुधवार की सुबह मस्जिदिया सरेह में चारा लाने गई थी।
.
इसी दौरान बाघ सलमा पर हमला कर दिया और गर्दन दबोचकर जंगल की ओर ले गया। सलमा के साथ गई महिलाओं ने घटना की सूचना ग्रामीणों और वन विभाग को दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को तलाश किया। फिर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
VTR मदनपुर के रेंजर नसीम अंसारी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद नौरंगिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस की टीम ने शव तलाश किया। बाघ का पता लगाने के लिए ट्रेंड टीम को इलाके में लगाया गया है।
बता दें कि पिछले 56 दिनों में बाघ के हमले में 4 लोगों की मौत हो चुकी है।

गन्ने के खेत के पास सलमा का शव मिला।
अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी घटनाक्रम…
बगहा वन क्षेत्र के सिरसिया गांव की रहने वाली सलमा खातून अपनी तीन महिला साथियों के साथ 7 बजे मस्जिदिया सरेह में चारा काटने गई थी। यहां सभी महिलाएं अलग-अलग इलाके में चारा काटने लगीं। इसी दौरान सलमा गन्ने के खेत के पास मैदान में चारा काट रही थी।
करीब साढ़े 9 बजे घास काटने के बाद वह पेड़ के नीचे आराम के लिए बैठी, तभी गन्ने के खेत की तरफ से बाघ तेजी से आया और उसे गर्दन से दबोचकर वापस गन्ने के खेत की ओर भाग गया। फिर दूसरी महिलाओं ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी।
ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सलमा को खोजने के लिए गन्ने के खेत के पास पहुंचे। यहां खून के छींटे दिखे। खून के निशान के पीछे गन्ने के खेत की तरफ बढ़े तो सलमा का शव पड़ा मिला।
उसकी गर्दन और सिर पर चोट के निशान थे। कई जगह बाघ के हमले के निशान मिले।
सूचना मिलने के बाद मदनपुर रेंजर नसीम अंसारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और नौरंगिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
ननद बोली- उसके पति को सरकार नौकरी दें
मृतका की ननद सबीना खातून ने बताया है कि सलमा तीन बेटियों की मां थी। हमलोगों को साढ़े 11 बजे घटना की सूचना मिली। हमलोग मौके पर पहुंचे तो वो मर चुकी थी। बाघ ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
अब उसकी तीनों बेटियों का पढ़ाना, लिखाना मुश्किल होगा। हम सरकार से मांग करते है कि उसके पति को सरकारी नौकरी मिले।

बगहा में बीते दो महीने में बाघ 4 लोगों की जान ले चुका है।
पिछले 56 दिनों में 4 को मार चुका है बाघ
वीटीआर में पिछले 56 दिनों में बाघ के हमले में 4 मौत हो चुका है। इससे पहले 30 जुलाई 2026 को वाल्मीकि नगर वनक्षेत्र के बिसाहा गांव के पास अकलू यादव (65 वर्ष) पर बाघ ने हमला किया था, जिनका अगले दिन इलाज के दौरान मौत हो गई।
31 जुलाई 2026 को मदनपुर वन क्षेत्र के मिश्ररौलिया रेता गांव के पास उमरावती देवी (45) की धान के खेत में काम करते समय बाघ के हमले से मौके पर ही मौत हो गई थी।
वहीं, 15 अगस्त 2026 को वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र के भेड़ियारी बंगाली टोला में विजय हालदार (55 ) को अपने घर के पीछे घास काटते समय बाघ ने मार डाला था।