world-news

खराब क्वालिटी की आशंका में 535 किलो घी-पनीर जब्त: सिंध डेयरी में बिना वैध निर्माण लाइसेंस बन रहा था पनीर-दही-घी; जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई - Indore News

August 10, 2026

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल करीब 535 किलोग्राम खाद्य पदार्थ ज

.

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने चंदन नगर स्थित सिंध डेयरी फार्म, मुराई मोहल्ला का निरीक्षण किया। मौके पर प्रतिष्ठान प्रभारी दीपेश गुरनानी मौजूद मिले। निरीक्षण में यहां पनीर, दही और घी का निर्माण करने के साथ दूध, दही, पनीर और घी का थोक एवं रिटेल विक्रय पाया गया।

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान का लाइसेंस केवल थोक एवं रिटेल विक्रय के लिए वैध पाया गया। परिसर में घी प्लेन टिन में रखा मिला, जिस पर खाद्य पदार्थ से संबंधित आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने तत्काल बंद कराया काम।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने तत्काल बंद कराया काम।

प्रतिष्ठान प्रभारी ने बताया कि कभी-कभी उनके यहां घी बनाया जाता है, जबकि मौके पर रखा घी बाहर से खरीदकर बिक्री के लिए लाया गया था। हालांकि, घी की खरीदी से संबंधित कोई बिल भी प्रस्तुत नहीं किया गया।

अधिकारियों ने मौके से घी और पनीर के दो नमूने जांच के लिए लिए। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 149 किलो घी और 103 किलो पनीर जब्त कर लिया गया। वहीं, वैध निर्माण लाइसेंस नहीं होने के कारण प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों का निर्माण कार्य लाइसेंस प्राप्त होने तक तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

पालदा में 255 किलो घी सील

इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक अन्य टीम ने पालदा बारदान मंडी स्थित नारायण इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां किंग घी और राधा माधव घी के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके पर 15 किलो क्षमता के 17 डिब्बों में करीब 255 किलो घी रखा मिला। गुणवत्ता संदिग्ध होने पर इसे जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया। जब्त घी की अनुमानित कीमत 1.53 लाख रुपए बताई गई है।

सियागंज में 28 किलो घी सील

एक अन्य कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सियागंज स्थित मैसर्स कमलेश ट्रेडर्स, संचालक कमलेश गुप्ता, का औचक निरीक्षण किया। यहां महीसागर घी, निर्माता तिरुपति फूड प्रोडक्ट, गांधीनगर, गुजरात का नमूना जांच के लिए लिया गया।

घी की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 28 किलो घी की 56 यूनिट को मौके पर सील कर जब्त किया गया। इसका नमूना भी जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

बॉयज हॉस्टल से भी लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल

FoSCoS पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर कैलाश पार्क कॉलोनी, बड़ी ग्वालटोली स्थित आशुतोष बॉयज हॉस्टल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यहां रॉ मैटेरियल और तैयार खाद्य पदार्थों के कुल तीन नमूने जांच के लिए लिए। हॉस्टल संचालक को परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

535 किलो खाद्य सामग्री जब्त, रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, एक दिन की इन विभिन्न कार्रवाईयों में करीब 535 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपए से अधिक है। सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।