world-news

गल्ले से रुपए निकालने से रोका तो एयरगन दिखाकर लूटा: आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक जगह शराब पीने वालों पर भी एक्शन; 51 केस दर्ज - durg-bhilai News

October 25, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Durg bhilai
  • Durg Crime News | Airgun Robbery Arrest & Action Against Public Drinking

गल्ले से रुपए निकालने से रोका तो एयरगन दिखाकर लूटा:आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक जगह शराब पीने वालों पर भी एक्शन; 51 केस दर्ज

दुर्ग-भिलाई2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

दुर्ग जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। छावनी क्षेत्र में पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन दिखाकर आहाते से 5400 रुपए लूटने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एयरगन, कैंची और 1250 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

वहीं, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 51 मामले दर्ज किए हैं।

गल्ले से रुपए निकालने से रोका तो दिखाई एयरगन

पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। साक्षरता चौक के सामने देशी कंपोजिट शराब भट्टी के अहाते में भिलाई साईं नगर, कैंप-01 का रहने वाला जैकी जायसवाल (31) ग्राहकों को सामान दे रहा था। इसी दौरान गोपी तिवारी (27), निवासी उड़िया मोहल्ला, कैंप-02, भिलाई, वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गल्ले से रुपए निकालने लगा।

जैकी ने उसे रुपए निकालने से रोका तो आरोपी ने कथित तौर पर काले रंग की पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह गल्ले से 5400 रुपए लेकर भाग गया। घटना के बाद जैकी ने 23 अक्टूबर को छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी के पास से एयरगन, कैंची और नकदी बरामद

शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने गोपी तिवारी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया। उसके पास से एक काले रंग की एयरगन, एक कैंची और 1250 रुपए नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 309(4) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 28 के तहत कार्रवाई की गई है।

शराबखोरी और अड्डेबाजी पर 51 मामले दर्ज

दूसरी ओर, दुर्ग पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने, अड्डेबाजी करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों और संवेदनशील जगहों पर जांच की।

इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और अड्डेबाजी करते मिले लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कुल 51 मामले दर्ज किए गए।

मोहन नगर में सबसे ज्यादा कार्रवाई

थानावार कार्रवाई में मोहन नगर पुलिस ने सबसे ज्यादा 9 मामले दर्ज किए। पद्मनाभपुर में 6, जबकि नेवई, जामुल और दुर्ग में 5-5 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा पुरानी भिलाई और भिलाई नगर में 4-4 मामले सामने आए।

खुर्सीपार और नंदिनी नगर में 3-3, वैशाली नगर और चौकी अंजोरा में 2-2 मामले दर्ज किए गए। वहीं, पुलगांव, कुम्हारी और अमलेश्वर में एक-एक मामले में कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और अड्डेबाजी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना और लोगों की सुरक्षा बनाए रखना है।

.