world-news

वैश्विक तनाव से हिला भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्स 500 अंक टूटा; 4 लाख करोड़ डूबे

July 24, 2026

Stock Market Fall: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार का दिन निवेशकों के लिए काफी निराशाजनक साबित हुआ. अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ लाल निशान में खुला. सुबह के शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स करीब 499 अंक फिसलकर 75,991 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी 149 अंकों की गिरावट दर्ज करते हुए 23,725 के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया. इस अचानक आई गिरावट से बाजार के निवेशकों में हलचल मच गई और चारों तरफ बिकवाली का माहौल देखने को मिला.

रियल्टी और कंज्यूमर सेक्टर्स पर सबसे ज्यादा असर

शुरुआती कारोबार में बाजार का नेतृत्व रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स स्टॉक्स कर रहे थे. सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स थे. इसके बाद निफ्टी ऑटो, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी मेटल, निफ्टी कंजम्पशन, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग भी लाल निशान में थे. सूचकांकों में केवल निफ्टी आईटी ही हरे निशान में था.

छोटे और मझोले शेयरों का भी बुरा हाल

व्यापक बाजार में गिरावट देखी जा रही है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 451 अंक या 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,233 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 164 अंक या 0.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,771 पर था.

दिग्गज शेयरों में कौन चढ़ा और कौन गिरा

सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टीसीएस हरे निशान में थे. इटरनल, इंडिगो, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, एमएंडएम, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और एसबीआई लाल निशान में थे.

यह भी पढ़ें: NIFTY500 Multibaggers: 52-वीक लो से 100% से ज्यादा उछले ये 5 शेयर, Ather Energy, HFCL और BHEL टॉप पर

ट्रंप के टैरिफ फैसले का वैश्विक बाजारों पर असर

जानकारों के मुताबिक, बाजार में गिरावट की वजह मध्य पूर्व में तनाव और अमेरिका की ओर से 60 व्यापारिक साझेदारों से आयात किए जाने वाले सामान पर 10 प्रतिशत और 12.5 प्रतिशत के नए टैरिफ का ऐलान करना है. ट्रंप प्रशासन के मुताबिक, यह कदम जबरन मजदूरी पर लगी रोक को ठीक से लागू न करने के आरोपों के चलते उठाया गया है.

दुनिया भर के शेयर बाजारों में छाया सन्नाटा

वैश्विक बाजारों में गिरावट देखी जा रही है. टोक्यो, हांगकांग, शंघाई, बैंकॉक, सोल और जकार्ता लाल निशान में थे. अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.97 प्रतिशत की कमजोरी के साथ और टेक्नोलॉजी इंडेक्स 2.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ.

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में Upper Circuit और Lower Circuit कैसे काम करते हैं जानें शेयरों पर इनका क्या पड़ता है असर?

Disclaimer: हेडिंग, समरी, सब हेड और इंट्रो के अलावा पूरी खबर आईएनएस फीड से ली गई है. इस खबर में किए गए दावे आईएनएस द्वारा किए गए हैं.