world-news

रमाई आवास योजना की पहली किस्त की राशि हुई दोगुनी, अब मिलेंगे ₹50,000; पालकमंत्री संजय शिरसाट की बड़ी घोषणा| Navbharat Live

July 30, 2026

Updated On: Jul 30, 2026 | 08:12 PM IST

विज्ञापन

सार

Sanjay Shirsat Announcement: रमाई आवास योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पालकमंत्री संजय शिरसाट ने पहली किस्त की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये करने की घोषणा की है।

ramai awas yojana first installment increased to 50000 sanjay shirsat announcement

कार्यक्रम के दौरान अतुल सावे, संजय शिरसाट व अन्य (सोर्स: नवभारत फोटो)

विस्तार

Ramai Awas Yojana First Installment Increased: छत्रपति संभाजीनगर जिले के पालकमंत्री संजय शिरसाट ने रमाई आवास योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि घर निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में मिलने वाली 25 हजार रुपये की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा महंगाई के दौर में 25 हजार रुपये से घर निर्माण शुरू करना संभव नहीं है। इसलिए लाभार्थियों को राहत देने के उद्देश्य से पहली किस्त दोगुनी करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग तथा छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की ओर से आयोजित रमाई आवास योजना के लाभ वितरण समारोह में पालकमंत्री शिरसाट बोल रहे थे।

इस दौरान राज्य के ओबीसी विकास मंत्री अतुल सावे के हाथों लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से योजना का लाभ वितरित किया गया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महापौर समीर राजूरकर,उपमहापौर राजेंद्र जनजाल, स्थायी समिति के सभापति अनिल मकरिये, अतिरिक्त आयुक्त रणजीत पाटील, कल्पिता पिंपले, पूर्व महापौर नंदकुमार घोडेले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित थे।

सम्बंधित ख़बरें

हर महीने जारी होगी लाभार्थियों की नई सूची

पालकमंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि योजना को लेकर लाभार्थियों के मन में किसी प्रकार का भ्रम नहीं रहना चाहिए। इसके लिए पात्र लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अब हर महीने की पहली तारीख को लाभार्थियों की अद्यतन सूची प्रकाशित की जाएगी, ताकि योजना की जानकारी सभी तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

प्रशासन और समाज कल्याण विभाग मिलकर करेंगे काम

उन्होंने कहा कि रमाई आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए समाज कल्याण विभाग और महानगरपालिका आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे। इससे पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिलेगा और घर निर्माण में आने वाली प्रशासनिक बाधाएं भी दूर होंगी।

यह भी पढ़ें: टूट रहा सब्र का बांध, 90 दिन बाद भी नहीं निकली Mumbai MHADA Lottery, आर्थिक तंगी से परेशान हुए मुंबईकर

हर पात्र परिवार को मिलेगा अपना घर : अतुल सावे

राज्य के आवास मंत्री अतुल सावे ने कहा कि प्रत्येक गरीब और पात्र परिवार को अपना पक्का घर उपलब्ध कराना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्रपति संभाजीनगर किसी भी आवास योजना में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने रमाई आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महानगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सराहना की।

मार्गदर्शन समिति बनाने का सुझाव

महापौर समीर राजूरकर ने कहा कि लाभार्थियों को योजना की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और विभिन्न चरणों की जानकारी देने के लिए अलग समन्वय समिति बनाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी अपेक्षा व्यक्त की कि घर निर्माण शुरू होते ही दूसरी किस्त शीघ्र जारी की जाए।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Follow Navbharatlive whatsapp