Published: Thursday, September 17, 2026, 10:20 [IST]
PM Narendra Modi Birthday Special: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर में उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जा रही हैं। राजनीति के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी और उनके सफर ने सिनेमा को भी प्रभावित किया है। यही वजह है कि उनकी जिंदगी के अलग-अलग पड़ावों को फिल्मों और वेब सीरीज में पर्दे पर उतारा गया है।
फिल्में में दिखाया गया पीएम मोदी का दमदार किरदार
कहीं उनकी कहानी को बचपन से दिखाया गया, तो कहीं प्रधानमंत्री बनने के बाद लिए गए बड़े फैसलों की झलक देखने को मिली। दिलचस्प बात ये है कि अलग-अलग कलाकारों ने पर्दे पर नरेंद्र मोदी का किरदार निभाया है। विवेक ओबेरॉय से लेकर रजित कपूर और धैर्य दर्र तक कई कलाकार उनके अलग-अलग रूपों को स्क्रीन पर पेश कर चुके हैं। आइए जानते हैं उन फिल्मों और वेब सीरीज के बारे में, जिनमें नरेंद्र मोदी की कहानी या उनका किरदार देखने को मिला।
इन 5 फिल्मों में नजर आएं पीएम नरेंद्र मोदी-
1. पीएम नरेंद्र मोदी
-साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'पीएम नरेंद्र मोदी' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी पर आधारित बायोपिक थी। फिल्म में विवेक ओबेरॉय ने नरेंद्र मोदी की भूमिका निभाई थी। ओमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके बचपन से लेकर राजनीतिक सफर और देश के प्रधानमंत्री बनने तक की कहानी को दिखाने की कोशिश की गई।
-फिल्म में नरेंद्र मोदी के जीवन के कई अहम पड़ावों को पर्दे पर उतारा गया। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी लेकिन प्रधानमंत्री की जिंदगी पर बनी फिल्म होने के कारण ये लगातार चर्चा में रही।
2. चलो जीते हैं
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन को पर्दे पर दिखाने वाली चर्चित फिल्मों में 'चलो जीते हैं' का नाम भी शामिल है। आनंद एल राय और मंगेश हदावले से जुड़ी इस फिल्म में नरेंद्र मोदी के बचपन की कहानी को केंद्र में रखा गया है।
-फिल्म में धैर्य दर्र ने बाल नरेंद्र की भूमिका निभाई। कहानी में उनके बचपन, संघर्षों और उन अनुभवों को दिखाया गया है, जिन्होंने उनके व्यक्तित्व को आकार देने में भूमिका निभाई। ये फिल्म प्रधानमंत्री के राजनीतिक जीवन के बजाय उनके शुरुआती वर्षों पर फोकस करती है।
3. उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
-विक्की कौशल की फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी कहानी का अहम हिस्सा रही। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की घटनाओं को सिनेमाई अंदाज में पेश किया गया।
-फिल्म में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किरदार एक्टर रजित कपूर ने निभाया। पर्दे पर उनके लुक और अभिनय को लेकर काफी चर्चा हुई। विक्की कौशल, परेश रावल और मोहित रैना जैसे कलाकारों से सजी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई और दर्शकों के बीच भी खूब पसंद की गई।
4. मोदी: ए जर्नी ऑफ ए कॉमन मैन
-नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित 'मोदी: ए जर्नी ऑफ ए कॉमन मैन' भी इस लिस्ट में शामिल है। साल 2019 में आई इस सीरीज में उनके बचपन से लेकर राजनीतिक सफर तक की कहानी को दिखाया गया।
-कहानी आगे बढ़ने के साथ नरेंद्र मोदी के जीवन के अलग-अलग दौर और राजनीति में उनके उभरने की यात्रा को पर्दे पर पेश किया गया। सीरीज में आशीष शर्मा, फैजल खान, प्राची शाह, महेश ठाकुर और दर्शन जरीवाला जैसे कलाकार नजर आए।
5. धुरंधर: द रिवेंज
-हाल के समय में रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झलक देखने को मिली। फिल्म की कहानी में नोटबंदी के दौर को भी संदर्भ के तौर पर शामिल किया गया है। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वास्तविक तस्वीरें और देश को संबोधित करने वाले ऐतिहासिक क्षणों की झलक दिखाई गई है।
-इस फिल्म में प्रधानमंत्री का किरदार किसी अभिनेता ने नहीं निभाया बल्कि वास्तविक फुटेज के जरिए उनकी मौजूदगी दिखाई गई। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ ओटीटी पर भी खूब चर्चा बटोरी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर जितना चर्चा में रहा है, उतनी ही दिलचस्पी फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भी उनकी कहानी को लेकर देखने को मिली है। कभी उनकी जिंदगी को पूरी तरह बायोपिक के रूप में पेश किया गया, तो कभी उनके जीवन के किसी खास दौर या ऐतिहासिक घटना को कहानी का हिस्सा बनाया गया। यही वजह है कि पर्दे पर नरेंद्र मोदी की अलग-अलग झलक दर्शकों को कई फिल्मों और सीरीज में देखने को मिल चुकी है।