world-news

चंडीगढ़ क्लब हिंसा: फ्रांस के छात्र पर लोहे के कड़े और मेज से हमला, खुद को जज का बेटा बता पीटा, 5 पर FIR - Haribhoomi

July 13, 2026

मारपीट के बाद आरोपी कार से पिस्टल निकालकर लाया और क्लब मालिक व छात्र पर तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। भागते समय आरोपियों ने अपनी BMW X-7 कार से लोगों को कुचलने की कोशिश की, जिससे पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

Chandigarh Club Fight.

चंडीगढ़ क्लब में फ्रांस के छात्र पर लोहे के कड़े और मेज से जज के बेटे ने किया हमला।

  • Published: 13 Jul 2026, 04:53 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 04:53 PM IST

चंडीगढ़ क्लब हिंसा: सिटी ब्यूटीफुल के सेक्टर-7 स्थित एक नामी क्लब में मामूली विवाद ने बेहद हिंसक रूप ले लिया। फ्रांस में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे एक छात्र पर लोहे के कड़े और मेज से जानलेवा हमला किया गया। हमले में छात्र को इतनी गंभीर चोटें आई हैं कि उसे एक कान से सुनाई देना बंद हो गया है। वारदात के बाद आरोपियों ने क्लब के बाहर बीएमडब्ल्यू (BMW) कार से लोगों को कुचलने की कोशिश भी की। पुलिस ने इस मामले में पंजाबी सिंगर करण औजला के मैनेजर और मोहाली आरपीजी (RPG) ब्लास्ट के आरोपी समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मामूली बात पर उंगलियां मरोड़ीं, फिर सिर पर फेंकी मेज
फिरोजपुर के रहने वाले पीड़ित छात्र ध्रुव त्रेहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 12 जुलाई की रात करीब 2 बजे अपने दोस्त के साथ सेक्टर-7 के क्लब के बाहर खड़ा था। इसी दौरान काली शर्ट पहने एक युवक की उसके दोस्त से बहस होने लगी। ध्रुव ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर उंगलियां मरोड़ दीं।

इसके बाद आरोपी अपने 4-5 साथियों के साथ वापस आया और ध्रुव को घेरकर लात-मुक्कों की बरसात कर दी। आरोपियों ने ध्रुव के सिर पर लोहे के कड़े से वार किए और पास ही रखी एक मेज उठाकर उसके सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।

अनिकेत गुप्ता बोले- 'जज का बेटा हूं, गोली मार दूंगा'
पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान मुख्य आरोपी अनिकेत गुप्ता ने खुद को जज मुनीश गुप्ता का बेटा बताते हुए धमकी दी कि वह उसे और उसके परिवार को गोली मार देगा। इसके बाद आरोपी कार से पिस्टल निकाल लाया और क्लब के मालिक व अन्य लोगों पर तान दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। भागते समय आरोपियों ने अपनी बीएमडब्ल्यू एक्स-7 (BMW X7) कार से लोगों को कुचलने का प्रयास किया और पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मार दी।

सिंगर करण औजला के मैनेजर और RPG हमले के आरोपी पर FIR
पुलिस ने ध्रुव त्रेहन की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) के आधार पर सेक्टर-26 थाने में मामला दर्ज किया है। इस एफआईआर में जिन प्रमुख लोगों को नामजद किया गया है:

  • अनिकेत गुप्ता (मुख्य आरोपी)
  • बलदीप सिंह सराओ उर्फ बाली (प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर करण औजला का मैनेजर)
  • जगदीप सिंह कंग उर्फ जग्गी (9 मई 2022 को मोहाली में पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर हुए आरपीजी आतंकी हमले का आरोपी)
  • दो अन्य अज्ञात आरोपी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच एएसआई आंचल कुमारी को सौंप दी है। साइबर सेल और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।