
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता Image Credit source: TV9
दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने राजधानी में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए सख्ती बढ़ा दी है. वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त के दौरान, विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और और परिवहन के मामलों में 725 FIR दर्ज कीं और 730 लोगों को गिरफ्तार किया. इसके अलावा, इस दौरान अवैध शराब की ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले 197 वाहनों को भी ज़ब्त किया गया.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार अवैध शराब के कारोबार को लेकर ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति अपना रही है. इसी मकसद से सरकार एक असरदार आबकारी नीति भी बना रही है. आबकारी विभाग के अनुसार, दिल्ली की सीमाएं पड़ोसी राज्यों से जुड़ी हैं और यहां अलग-अलग आकार के लगभग 70 एंट्री पॉइंट हैं. इन रास्तों से अवैध शराब की तस्करी का हमेशा खतरा बना रहता है. इसे देखते हुए, विभाग का प्रवर्तन विंग लगातार नजर रखता है और अवैध शराब की बिक्री या तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करता है.
पिछले वर्ष की तुलना में कार्रवाई में बड़ी बढ़ोतरी
आबकारी विभाग के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल से अगस्त की समान अवधि के दौरान विभाग ने 315 एफआईआर दर्ज की थीं और 312 लोगों को गिरफ्तार किया था. इस अवधि में 112 वाहन जब्त किए गए थे और करीब एक लाख बोतल अवैध शराब बरामद की गई थी. इस वर्ष इसी अवधि में प्रवर्तन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त 2026 तक अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के मामलों में 725 एफआईआर दर्ज कर 730 लोगों को गिरफ्तार किया है.
197 वाहनों को भी किया जब्त
इस दौरान अवैध शराब लेकर जा रहे 197 वाहनों को जब्त करने के साथ करीब 2.20 लाख बोतल अवैध शराब भी बरामद की गई हैं. लाइसेंस प्राप्त परिसरों में नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है. ऐसे मामलों में सात एफआईआर दर्ज कर संबंधित बार को सील और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की गई है.
जीरो टॉलरेंस की नीति पर एक्शन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार अवैध शराब के कारोबार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. सरकार एक नई आबकारी नीति पर भी काम कर रही है, जिसका उद्दंश्य सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना, शराब के कारोबार का जिम्मेदार नियमन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के अलावा सरकार के लिए राजस्व भी बढ़ाना है.
सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान दिल्लीवासियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए वैध शराब की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना सरकार की प्राथमिकता है. कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More