world-news

लुधियाना में बाप-बेटे का रास्ता रोककर हमला: पिस्टल लोड कर युवक पर तानी, भाई के सिर पर पिछला हिस्सा मारा; 5 टांके लगे - Ludhiana News

October 3, 2026

लुधियाना में रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने बाप-बेटे का रास्ता रोककर उन पर हमला कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पिस्टल लोड करते हुए और बचाव करने आए युवक के सिर पर हथियार से वार करते हुए नजर आ रहा है।

.

पुलिस को दी गई शिकायत में सुखदेव एन्क्लेव निवासी चरनजीत सिंह (57) ने बताया कि एक अक्टूबर की शाम 7 बजे वह बड़े बेटे पवन कुमार के साथ एक्टिवा पर थाने से शिकायत की पड़ताल करवाकर लौट रहे थे। जब वे अपने घर से कुछ पीछे थे, तभी सुखदेव एन्क्लेव के ही रहने वाले मनदीप सिंह उर्फ हनी ने उनकी एक्टिवा के आगे आकर उन्हें घेर लिया।

पिस्टल निकालकर किया हमला मनदीप ने पवन कुमार को नीचे गिरा दिया और उसके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होती देख चरनजीत का छोटा बेटा साजन, भतीजा भरत कुमार और उनका दोस्त परमजीत सिंह गाड़ी से पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे।

अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली इसी दौरान आरोपी मनदीप ने अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली और पवन पर तानकर उसे कॉक (लोड) कर लिया। जब छोटे बेटे साजन ने उसे ऐसा करने से रोका, तो मनदीप ने पिस्टल का मट्ठा (पीछे का हिस्सा) उसके सिर पर दे मारा। जब भतीजे भरत कुमार ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी पिस्टल तान दी।

जान से मारने की धमकियां देता हुआ भागा शोर मचने पर आरोपी गालियां और जान से मारने की धमकियां देता हुआ मौके से भाग निकला। सिर में गहरी चोट लगने के कारण साजन का काफी खून बहने लगा, जिसके बाद उसे इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल लुधियाना ले गया। उसके सिर पर 5 टांके लगे है।

युवक के सिर पर लगी चोट।

युवक के सिर पर लगी चोट।

चोरी की शिकायत करने पर भड़का था आरोपी इस पूरे विवाद की जड़ एक पुरानी शिकायत बताई जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 3-4 दिन पहले उनके बेटे पवन ने मनदीप के खिलाफ उनके कोठे (छत) से जंगला चोरी करने की शिकायत दी थी। वह थाने तो नहीं गया, लेकिन जब बाप-बेटे थाने से वापस आ रहे थे तो उसने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया।

इन धाराओं में हुई FIR दर्ज पीएयू पुलिस ने 2 अक्टूबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 296, 351(2) और आर्म्स एक्ट (Arms Act 1959) की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।