Love Marriage Tips: अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनना आज के समय में कई युवाओं का फैसला होता है, लेकिन कई बार परिवार की सहमति मिलना आसान नहीं होता. जाति, धर्म, सामाजिक अंतर, आर्थिक स्थिति या भविष्य की चिंता के कारण माता-पिता लव मैरिज के लिए तैयार नहीं हो पाते. ऐसे में गुस्सा करने या रिश्ते के लिए दबाव बनाने के बजाय धैर्य और समझदारी से कदम उठाना जरूरी है.
पहले उस व्यक्ति से करें बात जो आपको समझता हो
पूरे परिवार के सामने एक साथ शादी की बात रखने के बजाय शुरुआत उस सदस्य से करें, जो आपकी बात को बेहतर तरीके से समझ सकता है. यह मां, पिता, भाई-बहन या परिवार का कोई करीबी व्यक्ति हो सकता है. उसे अपने पार्टनर के बारे में बताएं और समझाएं कि आप यह फैसला क्यों लेना चाहते हैं. अगर वह आपकी बात समझ जाता है तो आगे परिवार को समझाने में मदद मिल सकती है.
अचानक फैसला सुनाने से बचें
कई बार बच्चे जब सीधे यह कह देते हैं कि उन्होंने शादी तय कर ली है, तो माता-पिता खुद को फैसले से दूर महसूस करते हैं. इसलिए धीरे-धीरे बातचीत शुरू करें. अपने पार्टनर की पढ़ाई, काम, परिवार और व्यवहार जैसी अच्छी बातों के बारे में बताएं. जब परिवार उसे जानने लगेगा तो रिश्ते को समझना आसान होगा.
घरवालों की चिंता को समझें
अगर माता-पिता इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं तो पहले उनकी वजह जानने की कोशिश करें. उनकी परेशानी जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति, करियर या रिश्ते के भविष्य को लेकर हो सकती है. उनकी बातों को समझकर ही समाधान निकालना ज्यादा बेहतर होता है.
अपने रिश्ते की मजबूती दिखाएं
सिर्फ प्यार की बात करना काफी नहीं होता. शादी एक बड़ी जिम्मेदारी है, इसलिए परिवार यह भी देखना चाहता है कि दोनों लोग भविष्य के लिए कितने तैयार हैं. करियर, आर्थिक जिम्मेदारियों और परिवार को लेकर अपनी सोच माता-पिता के सामने रखें.
भरोसेमंद व्यक्ति की मदद लें
कई बार परिवार किसी करीबी रिश्तेदार या ऐसे व्यक्ति की बात ज्यादा आसानी से सुन लेता है, जिस पर उन्हें भरोसा होता है. ऐसे में परिवार के किसी समझदार सदस्य की मदद ली जा सकती है. हालांकि कई लोगों का दबाव बनवाने के बजाय किसी एक भरोसेमंद व्यक्ति को साथ लेना ज्यादा प्रभावी रहता है.
लव मैरिज के लिए परिवार को मनाने में समय लग सकता है. इसलिए धैर्य, सम्मान और सही बातचीत के जरिए रिश्ते को स्वीकार करवाने की कोशिश करें.
यह भी पढ़ें: जब पार्टनर के शौक न मिलें तो क्या करें? अलग हॉबी से ऐसे बढ़ाएं प्यार