![]()
Rahu Transit in Dhanishta Nakshatra Pada 4 राहु का नक्षत्र परिवर्तन किनके लिए अच्छा रहेगा
Rahu Transit in Dhanishta Nakshatra Pada 4 : 2 अगस्त 2026 की रात 12 बजकर 8 मिनट पर मायावी छाया ग्रह राहु ने धनिष्ठा नक्षत्र के चतुर्थ पद में प्रवेश किया है। राहु अभी कुंभ राशि में गोचर कर रहे हैं और धनिष्ठा नक्षत्र के चौथे पद में उनका यह प्रवेश ज्योतिषीय दृष्टि से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पद वृश्चिक नवमांश में आता है। धनिष्ठा के नक्षत्र स्वामी मंगल हैं और वृश्चिक नवमांश के स्वामी भी मंगल ही हैं। वहीं, राहु जिस कुंभ राशि में बैठे हैं, उसके स्वामी शनि हैं।
इस तरह इस गोचर को केवल राहु का नक्षत्र गोचर मानकर देखना पर्याप्त नहीं होगा। यहां शनि की राशि, मंगल के नक्षत्र और मंगल के ही नवमांश का प्रभाव एक साथ काम कर रहा है। यही संयोजन इस गोचर को अधिक तीव्र और गहराई वाला बनाता है।
धनिष्ठा के चौथे पद में राहु का प्रवेश क्यों है खास
धनिष्ठा नक्षत्र का विस्तार मकर और कुंभ दोनों राशियों में है। इसका पहला और दूसरा पद मकर में तथा तीसरा और चौथा पद कुंभ राशि में आता है। राहु का वर्तमान गोचर धनिष्ठा के चतुर्थ पद में हुआ है। नक्षत्र के स्वामी मंगल हैं। मंगल ऊर्जा, साहस, तकनीकी क्षमता, मशीनरी, प्रतियोगिता, रिसर्च और तेज निर्णय का प्रतिनिधित्व करते है।
धनिष्ठा का चौथा पद वृश्चिक नवमांश में आता है और वृश्चिक राशि के स्वामी भी मंगल हैं। इस कारण यहां मंगल की ऊर्जा दो स्तरों पर सक्रिय हो जाती है। इसमें एक नक्षत्र स्वामी के रूप में भी और दूसरा नवमांश स्वामी के रूप में भी। वहीं, कुंभ राशि शनि की है और राहु शनि के स्वभाव से भी काफी हद तक साम्य रखता है। इसको फलस्वरूप यह गोचर तकनीक, नेटवर्क, रिसर्च, डेटा, गुप्त जानकारी, रणनीति और बड़े संस्थानों से जुड़े मामलों को विशेष रूप से सक्रिय कर सकता है।
शनि-मंगल-राहु की संयुक्त ऊर्जा करेगी काम
यहां शनि, मंगल और राहु की प्रकृति को अलग-अलग समझना जरूरी है। शनि व्यवस्था, अनुशासन, संस्थान, श्रम, तकनीक और बड़े सामाजिक ढांचे का कारक है। मंगल ऊर्जा, साहस, मशीनरी, तकनीकी क्षमता, प्रतियोगिता और कार्रवाई का कारक है। राहु महत्वाकांक्षा, असामान्य सोच, विदेशी संपर्क, डिजिटल दुनिया, भ्रम, अचानक बदलाव और स्थापित व्यवस्था से अलग रास्ता अपनाने की प्रवृत्ति को बढ़ाता है।
इन तीनों की ऊर्जा एक साथ आने पर व्यक्ति या संस्थान किसी पुराने सिस्टम को बदलने, नई तकनीक अपनाने या काम करने के नए तरीके तलाशने की ओर बढ़ सकता है। इसी वजह से यह समय डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, रिसर्च, टेक्नोलॉजी, डिजिटल बिजनेस, AI, ऑनलाइन नेटवर्क और गुप्त जानकारी से जुड़े क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि यही ऊर्जा जल्दबाजी और अति-उत्साह भी पैदा कर सकती है। इसलिए इस गोचर में अवसर के साथ जोखिम को समझना भी जरूरी है।
वृश्चिक नवमांश राहु के फल को कैसे बदलता है
नवमांश किसी ग्रह की सूक्ष्म शक्ति और उसके गहरे स्तर के फल को समझने में महत्वपूर्ण माना जाता है। वृश्चिक नवमांश का संबंध गहराई, रहस्य, रिसर्च, परिवर्तन, छिपी हुई जानकारी और अचानक होने वाले बदलावों से जोड़ा जाता है। ऐसे में राहु यहां सतही परिणामों की बजाय उन क्षेत्रों में रुचि बढ़ा सकता है जहां जानकारी पर्दे के पीछे होती है। इस दौरान लोग किसी विषय की गहराई में जाकर रिसर्च कर सकते हैं। टेक्नोलॉजी और डेटा से जुड़े क्षेत्रों में नई संभावनाएं सामने आ सकती हैं।
पुराने करियर पैटर्न से बाहर निकलकर किसी नए क्षेत्र में जाने की इच्छा भी बढ़ सकती है, लेकिन राहु की वजह से हर रहस्यमय चीज को सही मान लेना उचित नहीं होगा। अधूरी जानकारी, अफवाह या बिना सत्यापन के किसी सूचना पर भरोसा नुकसान दे सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि यह गोचर किन राशि वालों के लिए शुभ रह सकता है।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए राहु का यह गोचर लाभ भाव में हो रहा है। ज्योतिष में 11वां भाव आय, लाभ, इच्छापूर्ति और नेटवर्क का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए राहु का यहां आना नए संपर्कों और नए माध्यमों से लाभ के अवसर बढ़ा सकता है।
इस दौरान ऐसे लोगों से संपर्क बन सकता है जो भविष्य में करियर या बिजनेस में फायदा पहुंचाएं। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बिजनेस और बड़े नेटवर्क से जुड़े कामों में विशेष अवसर मिल सकते हैं।
नौकरीपेशा लोगों को इनकम बढ़ाने का प्रस्ताव मिल सकता है, जबकि बिजनेस करने वालों के नए क्लाइंट या नए मार्केट से जुड़ने के योग बन सकते हैं। धनिष्ठा के मंगल प्रभाव के कारण अपने लक्ष्य को लेकर सक्रियता बढ़ेगी। अगर आप लंबे समय से किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं तो उसे आगे बढ़ाने का समय मिल सकता है। नेटवर्किंग और नए प्रोजेक्ट्स के जरिए लाभ के अवसर बढ़ सकते हैं।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए राहु भाग्य भाव में गोचर कर रहे हैं। नवम भाव उच्च शिक्षा, भाग्य, लंबी दूरी की यात्रा, गुरु और विदेश से जुड़े मामलों का प्रतिनिधित्व करता है। राहु यहां पारंपरिक रास्तों से हटकर नए अनुभव और नई दिशा की ओर ले जा सकता है। विदेश से जुड़े प्रोजेक्ट, विदेशी कंपनी, ऑनलाइन इंटरनेशनल नेटवर्क या दूर स्थान से काम करने का अवसर मिल सकता है।
जो स्टूडेंट्स किसी तकनीकी या आधुनिक विषय की पढ़ाई कर रहे हैं, उनके लिए नई स्किल सीखना फायदेमंद रह सकता है। करियर में भी ऐसा अवसर मिल सकता है जो पहले से बिल्कुल अलग क्षेत्र से जुड़ा हो। धनिष्ठा के मंगल प्रभाव के कारण निर्णय लेने और लक्ष्य की दिशा में प्रयास करने की क्षमता बढ़ सकती है। विदेश, उच्च शिक्षा और नई स्किल से जुड़े अवसर आपके लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए राहु सप्तम भाव में गोचर कर रहे हैं। यह भाव बिजनेस, पार्टनरशिप, क्लाइंट और पब्लिक डीलिंग का कारक है।
राहु यहां नए लोगों के साथ जुड़ने और बिजनेस का दायरा बढ़ाने का अवसर दे सकता है। खासकर ऑनलाइन बिजनेस, विदेशी क्लाइंट, डिजिटल सर्विस और बड़े नेटवर्क के साथ काम करने वालों को फायदा मिल सकता है।
अगर आप अपना बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो नए मॉडल या नई तकनीक का इस्तेमाल आपके लिए उपयोगी हो सकता है। नौकरी करने वालों के लिए भी क्लाइंट बेस बढ़ने या किसी बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ने के अवसर बन सकते हैं। नए पार्टनर और क्लाइंट आपके बिजनेस की ग्रोथ का कारण बन सकते हैं।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए राहु तीसरे भाव में गोचर कर रहे हैं। तीसरा भाव साहस, पराक्रम, कम्युनिकेशन, लेखन, मीडिया, मार्केटिंग और छोटे सफर से जुड़ा होता है। यह गोचर उन लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हो सकता है जो मीडिया, पत्रकारिता, डिजिटल कंटेंट, मार्केटिंग, सेल्स, सोशल मीडिया या कम्युनिकेशन से जुड़े हैं।
अपने काम को लोगों तक पहुंचाने की क्षमता बढ़ सकती है। सोशल मीडिया या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आपकी सक्रियता बढ़ेगी और इसका करियर में फायदा मिल सकता है। नया काम शुरू करने या किसी पुराने प्रोजेक्ट को दोबारा सक्रिय करने का साहस भी बढ़ सकता है। धनिष्ठा का मंगल प्रभाव मेहनत और एक्शन को मजबूत करता है, इसलिए इस समय केवल योजना बनाने के बजाय उस पर काम करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। आपकी कम्युनिकेशन स्किल और सक्रियता करियर में ग्रोथ का माध्यम बन सकती है।
कुंभ राशि
कुंभ राशि में ही राहु का गोचर हो रहा है। इस राशि के जातकों पर इसका प्रभाव सबसे सीधा रहेगा। राहु आपकी सोच और व्यक्तित्व में बदलाव की इच्छा बढ़ा सकता है। आप पुराने तरीके से संतुष्ट रहने के बजाय कुछ नया करने की कोशिश कर सकते हैं। करियर में नई तकनीक अपनाने, नई भूमिका लेने या अपने काम को नए तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिल सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल नेटवर्क और नए लोगों के साथ जुड़ना आपके लिए उपयोगी रह सकता है।
धनिष्ठा का चौथा पद वृश्चिक नवमांश में होने के कारण किसी विषय की गहराई में जाकर काम करने की क्षमता बढ़ सकती है। रिसर्च, टेक्नोलॉजी, डेटा, रणनीति और ऐसे क्षेत्रों में रुचि बढ़ सकती है जहां विशेषज्ञता की जरूरत होती है। हालांकि राहु के कारण एक साथ कई दिशाओं में जाने का मन हो सकता है। एक समय में सीमित लक्ष्यों पर फोकस करना ज्यादा लाभ देगा। नई पहचान और नई दिशा बनाने का अवसर मिलेगा, लेकिन फोकस बनाए रखना जरूरी होगा।
इन 5 राशियों के लिए क्यों खास है राहु का यह गोचर
राहु का धनिष्ठा नक्षत्र के चतुर्थ पद में प्रवेश इसलिए अलग महत्व रखता है क्योंकि यह केवल कुंभ राशि का गोचर नहीं है। राहु मंगल के नक्षत्र और मंगल के ही वृश्चिक नवमांश में पहुंचा है। मेष के लिए लाभ भाव, मिथुन के लिए भाग्य भाव, सिंह के लिए सप्तम भाव, कन्या के लिए छठा भाव, धनु के लिए तीसरा भाव और कुंभ राशि के लिए स्वयं की राशि में राहु का प्रभाव इन राशियों के संबंधित जीवन क्षेत्रों को सक्रिय करता है।
इस कारण इन राशियों के जातकों को इस अवधि में नए अवसरों को पहचानने, तकनीक का इस्तेमाल करने, नेटवर्क बढ़ाने और अपने प्रयासों को तेज करने पर ध्यान देना चाहिए। खास बात यह है कि राहु के साथ मंगल की ऊर्जा होने के कारण केवल अवसर का इंतजार करने के बजाय सक्रिय होकर काम करने वालों को ज्यादा फायदा मिल सकता है।
राहु के इस गोचर में क्या करें
राहु के इस गोचर में किए गए कुछ कार्य आपको काफी ज्यादा लाभ देंगे। इस दौरान नई तकनीक और डिजिटल टूल्स सीखें। प्रोफेशनल नेटवर्क बढ़ाएं। नए प्रोजेक्ट्स में रिसर्च के साथ आगे बढ़ें। करियर में नए अवसर मिलने पर उनका मूल्यांकन करें। कम्युनिकेशन और स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान दें। निवेश में लालच के बजाय रिसर्च को प्राथमिकता दें। महत्वपूर्ण फैसले जल्दबाजी में न लें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
![]()
मोहित तिवारीauthor
मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Spirituality
End of Article