world-news

कच्चे तेल के दाम चढ़ने से शेयर बाजार में गिरावट जारी; सेंसेक्स 493 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में

August 18, 2026

मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट का सिलसिला जारी रहा और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स 493 अंक टूटा, जबकि निफ्टी में लगातार छठे दिन गिरावट आई और यह 133 अंक और नीचे आ गया।

कच्चे तेल के दाम में तेजी और पश्चिम एशिया संकट के कूटनीतिक समाधान को लेकर उम्मीद कम होने के साथ निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से बाजार में गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 492.70 अंक यानी 0.63 प्रतिशत टूटकर 77,235.46 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है जब सेंसेक्स में गिरावट आई है।

इसी तरह, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी में लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिरावट आई और यह 132.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत फिसलकर 24,154.90 अंक पर बंद हुआ।

Join Our Whatsapp Group

सेंसेक्स के शेयरों में एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।

मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.46 प्रतिशत नीचे आया जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.24 प्रतिशत चढ़ा।

क्षेत्रवार सूचकांकों में ‘फोकस्ड’ आईटी में सबसे अधिक 1.84 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके बाद आईटेक्नोलॉजी रियल्टी में 1.28 प्रतिशत, पीएसयू बैंक में 1.04 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता में 0.81 प्रतिशत, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों) में 0.67 प्रतिशत तथा धातु और पूंजीगत वस्तुओं में 0.47-0.47 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स क्वालिटी टिल्ट, मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स, हॉस्पिटल्स और हेल्थकेयर सूचकांक बढ़त में रहे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 91.02 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमत से बाजार धारणा प्रभावित हुई। वहीं अमेरिकी बॉन्ड पर बढ़ता प्रतिफल और कमजोर वैश्विक संकेतों से भारतीय शेयर बाजार में जोखिम से बचने का रुख बना रहा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी संघर्ष विराम की अवधि खत्म होने के बाद पश्चिम एशिया में समाधान की उम्मीद कमजोर पड़ने से निवेशकों की चिंता बढ़ी है और महंगाई फिर बढ़ने की आशंका गहरा गई है।’’

नायर ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड पर उच्च प्रतिफल दरों से उभरते बाजारों का आकर्षण और कम हुआ। वहीं, सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही क्योंकि लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरों से वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में खर्च प्रभावित होने की आशंका है।

बीएसई में टाटा समूह की कंपनियों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर में 2.28 प्रतिशत, टाटा केमिकल्स में 1.63 प्रतिशत और टीसीएस में 1.47 प्रतिशत की गिरावट आई। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.25 प्रतिशत, वोल्टास 1.10 प्रतिशत, टाटा कम्युनिकेशंस एक प्रतिशत, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन 0.94 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.48 प्रतिशत, टाइटन 0.39 प्रतिशत, टाटा पावर 0.24 प्रतिशत और ट्रेंट 0.24 प्रतिशत नुकसान में रहे।

सूत्रों के अनुसार, टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की मंगलवार को होने वाली महत्वपूर्ण सालाना आम बैठक ‘कोरम’ पूरा नहीं होने के कारण स्थगित करनी पड़ी।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट जारी रही। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड में तेज बिकवाली ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।’’

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में कूटनीतिक समाधान निकलने की उम्मीद कमजोर पड़ने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता भी प्रभावित हुई।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध रूप से 2,535.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

सेंसेक्स सोमवार को 281.09 अंक टूटकर 77,728.16 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 78.35 अंक की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय