पूर्णिया पुलिस ने नेशनल हाईवे 31 पर डगरुआ थाना टीम ने बरसोनी टोल प्लाजा के पास एक ट्रक से 453.700 लीटर अवैध विदेशी शराब पकड़ी है। मौके से ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया है।
.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल से बिहार में शराब लाई जा रही है। इसके बाद 6 चक्का टाटा 709 ट्रक को नाकेबंदी कर रोका गया।
मामले की जानकारी देते हुए डगरुआ थाना प्रभारी उमेश पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक संदिग्ध ट्रक भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लेकर बिहार की सीमा में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और बरसोनी टोल प्लाजा के पास त्वरित वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
पुलिस को देख ट्रक की रफ्तार धीमी कर भागने लगा ड्राइवर
सड़क से गुजरने वाले सभी व्यावसायिक एवं मालवाहक वाहनों की सतर्कतापूर्वक जांच की जा रही थी। इसी दौरान उक्त संदिग्ध ट्रक टोल प्लाजा के करीब पहुंचा। पुलिस बल को देखते ही ट्रक चालक ने गाड़ी की रफ्तार धीमी की और भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को घेरकर रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

बरामद खेप के साथ जानकारी देती डगरुआ थाना की पुलिस।
ट्रक के अंदर छुपा था शराब का कार्टन
जानकारी साझा करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम ने जब्त टाटा 709 ट्रक के डालिए और गुप्त केबिनों की सघन तलाशी ली, तो उसमें कार्टन में छुपाकर रखी गई विभिन्न नामी कंपनियों की प्रीमियम विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
बरामद की गई कुल 453.700 लीटर अवैध शराब में अलग-अलग ब्रांड शामिल है। तस्करों ने शराब की बोतलों को इस तरह से छिपाया था ताकि सामान्य जांच के दौरान किसी को भी भनक न लगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से इस बड़ी अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़ हो गया।

पकड़े गए ट्रक में बनाया गया तहखाना।
बंगाल से लोड कर बिहार में खपाने का था प्लान
मौके से गिरफ्तार किए गए ट्रक चालक की पहचान 26 वर्षीय जुनैद आलम के रूप में हुई है जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिला अंतर्गत चाकुलिया थाना क्षेत्र के देवगांव मुस्लिम पारा बताया जा रहा है। प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब की यह बड़ी खेप पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके से लोड की गई थी और इसे बिहार के आंतरिक जिलों में ऊंचे दामों पर खपाने की योजना थी।
सिंडिकेट खंगालने में जुटी पुलिस
डगरुआ पुलिस ने अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त टाटा 709 ट्रक WB 71 2570 को विधिवत जब्त कर लिया है। बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत एवं कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार चालक जुनैद आलम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस बात की गहनता से पड़ताल की जा रही है कि इस सिंडिकेट का मुख्य सरगना कौन है, बंगाल में यह शराब किस सप्लायर से खरीदी गई थी और बिहार में इसे किस डिलीवरी पॉइंट पर सौंपा जाना था। इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।