world-news

चित्तौड़गढ़ में 44 नामांकन लिए वापस: अब 60 वार्डों में 151 प्रत्याशी मैदान में; कल मिलेंगे चुनाव निशान - Chittorgarh News

September 3, 2026

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव में अब तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह तय हो गया है कि अब किस वार्ड में किसके बीच मुकाबला होगा। पिछले दो दिन भाजपा और कांग्रेस के नेताओं की सबसे बड़ी कोशिश बागी उम्मीदवारों को मना

.

कई जगह यह कोशिश सफल रही तो कुछ वार्डों में उम्मीदवार आखिरी समय तक डटे रहे। गुरुवार को नाम वापसी की अंतिम तारीख खत्म होते ही चुनावी गणित भी साफ हो गया। अब चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में पार्षद बनने के लिए कुल 151 प्रत्याशी मैदान में हैं।

शुक्रवार सुबह 11 बजे डीआरडीओ हॉल में सभी को चुनाव निशान मिलेंगे और इसके साथ ही घर-घर प्रचार का दौर पूरी रफ्तार से शुरू हो जाएगा। अब चुनाव की लड़ाई सीधे मतदाताओं के बीच पहुंच गई है और अगले कुछ दिन पूरे शहर में चुनावी माहौल देखने को मिलेगा।

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में पार्षद बनने के लिए कुल 151 प्रत्याशी मैदान में हैं।

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में पार्षद बनने के लिए कुल 151 प्रत्याशी मैदान में हैं।

दो दिन में 44 उम्मीदवारों ने छोड़ी चुनावी दौड़

नाम वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को चुनाव कार्यालय में सुबह से ही काफी हलचल रही। कई वार्डों में नेताओं और समर्थकों की बैठकें चलती रहीं और उम्मीदवारों को मनाने की कोशिश होती रही। नायब तहसीलदार रजनीश व्यास ने बताया कि गुरुवार को 35 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए।

इससे पहले बुधवार को 9 उम्मीदवार मैदान से हटे थे। इस तरह दो दिनों में कुल 44 उम्मीदवारों ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। नाम वापसी पूरी होने के बाद अब 151 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।

कई वार्डों में बागी उम्मीदवारों को मनाने के लिए बड़े नेताओं ने लगातार संपर्क किया और कई मामलों में समझौता भी हो गया। वहीं कुछ उम्मीदवार आखिरी समय तक सामने नहीं आए ताकि उन पर नाम वापस लेने का दबाव नहीं बनाया जा सके।

दोपहर तीन बजे तक कई वार्डों में स्थिति को लेकर लगातार चर्चा होती रही।

अब प्रचार होगा तेज, शुक्रवार को मिलेंगे चुनाव निशान

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव का अगला चरण शुरू होगा। शुक्रवार, 4 सितंबर को सभी उम्मीदवारों को चुनाव आयोग की ओर से चुनाव निशान आवंटित किए जाएंगे। निर्दलीय उम्मीदवारों को उपलब्ध चुनाव चिह्नों में से उनकी पसंद के अनुसार निशान दिए जाएंगे।

इसके बाद सभी प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में प्रचार को और तेज करेंगे। अब तक कई उम्मीदवार बिना चुनाव निशान के सीमित प्रचार कर रहे थे, लेकिन अब पोस्टर, पर्चे, बैनर और घर-घर जनसंपर्क पूरी ताकत से शुरू होगा।

अगले कुछ दिनों तक शहर की गलियों और मोहल्लों में चुनावी माहौल और ज्यादा नजर आएगा क्योंकि सभी प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने में पूरी ताकत लगाएंगे।

  • कुल वार्ड : 60
  • मैदान ने कुल प्रत्याशी : 151
  • कुल नाम वापसी : 44
  • सिंबल आवंटन : 4 सितंबर
  • मतदान तिथि : 9 सितंबर

97 हजार से ज्यादा मतदाता तय करेंगे पार्षदों की किस्मत

इस बार नगर परिषद के 60 वार्डों में कुल 97,080 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 48,638 पुरुष, 48,438 महिला और 4 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। सभी वार्डों में मतदान 9 सितंबर को होगा। प्रशासन ने मतदान की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने की तैयारी की जा रही है।

अब उम्मीदवारों के पास मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए केवल कुछ दिन का समय बचा है। ऐसे में आने वाले दिनों में हर वार्ड में जनसंपर्क, छोटी-बड़ी सभाएं और चुनाव प्रचार पूरी रफ्तार पर रहेगा। अब असली मुकाबला जनता के बीच होगा और 9 सितंबर को मतदाता तय करेंगे कि नगर परिषद में उनकी आवाज कौन बनेगा।