SBI Funds Management IPO: एसबीआई फंड मैनेजमेंट आईपीओ का 9813 करोड़ रुपये का आईपीओ निवेशकों के बीच जबरदस्त हिट रहा। आखिरी दिन यह 41.66 गुना सब्सक्राइब हुआ, जिसमें QIB निवेशकों की सबसे ज्यादा भागीदारी रही। ग्रे मार्केट में 92 रुपये के जीएमपी के आधार पर करीब 16 फीसदी लिस्टिंग गेन की उम्मीद है।
SPO Fund management ipo listing
- Published: 16 Jul 2026, 07:00 PM IST
- Last Updated: 16 Jul 2026, 07:00 PM IST
SBI Funds Management IPO: देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आईपीओ को निवेशकों का शानदार समर्थन मिला। 9813 करोड़ रुपये का यह पब्लिक इश्यू बोली के आखिरी दिन जबरदस्त ओवरसब्सक्राइब हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, 16 जुलाई शाम 5 बजे तक यह आईपीओ 41.66 गुना सब्सक्राइब हो चुका था।
ग्रे मार्केट में भी इस इश्यू को लेकर पॉजिटिव माहौल बना हुआ और करीब 16 फीसदी लिस्टिंग गेन की संभावना जताई जा रही। आईपीओ के लिए कुल 12.45 करोड़ शेयर ऑफर किए गए थे, जबकि निवेशकों ने 518.90 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए आवेदन किया।
कितने गुना हुआ सब्सक्राइब?
सबसे ज्यादा रुचि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने दिखाई, जिनका हिस्सा 140.11 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, नॉन इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स का कोटा 22.51 गुना और रिटेल इंडिविजुअल इंवेस्टर्स का हिस्सा 3.6 गुना सब्सक्राइब हुआ।
कितना है आईपीओ का जीएमपी
ग्रे मार्केट प्रीमियम भी इस आईपीओ को लेकर मजबूत संकेत दे रहा। बाजार ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म इंवेस्टरगेन और आईपीओ वॉच के मुताबिक, 16 जुलाई तक इसका जीएमपी 92 रुपये प्रति शेयर चल रहा। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड 545 से 574 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ऐसे में मौजूदा जीएमपी के आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग करीब 662 रुपये पर हो सकती, जो निवेशकों को करीब 16 फीसदी का शुरुआती मुनाफा दे सकती है।
एसबीआई फंड आईपीओ ऑफर फॉर सेल है
यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है। यानी कंपनी कोई नया शेयर जारी नहीं कर रही और इस इश्यू से मिलने वाली पूरी राशि मौजूदा शेयरधारकों स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और अमुंडी इंडिया होल्डिंग को जाएगी। कंपनी के पास इस इश्यू से कोई नई पूंजी नहीं आएगी।
ब्रोकरेज हाउस भी इस आईपीओ को लेकर सकारात्मक नजर आ रहे। कंपनी की मजबूत बाजार स्थिति, बेहतर मुनाफे और उचित वैल्यूएशन को देखते हुए सब्सक्राइब की रेटिंग दी है। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेस का कहना है कि 574 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का प्राइस टू अर्निंग यानी पीई रेशियो 38 गुना है, जो समान कंपनियों की तुलना में आकर्षक माना जा सकता।
आईपीओ का अलॉटमेंट 17 जुलाई को होने की संभावना है, जबकि कंपनी के शेयर 21 जुलाई को एनएसई और बीएसई पर लिस्टेड हो सकते।
कंपनी के पास कितना एयूएम
साल 1992 में स्थापित एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, एसबीआई म्यूचुअल फंड की निवेश प्रबंधन कंपनी है। यह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और फ्रांस की अमुंडी के बीच जॉइंट वेंचर है। साल 2025 तक कंपनी के पास करीब 16.32 लाख करोड़ रुपये की Assets Under Management थी और भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग में इसकी 15.5 फीसदी बाजार हिस्सेदारी है।
(प्रियंका कुमारी)