केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हाजीपुर से बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी लोजपा (आर) यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने पंजाब और उत्तराखंड में भी चुनावी तैयारियों की जानकारी दी है।
चिराग पासवान ने हाजीपुर से बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी लोजपा (आर) यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
- Published: 18 Jul 2026, 07:16 PM IST
- Last Updated: 18 Jul 2026, 07:16 PM IST
UP Assembly Elections: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ी एंट्री करने का फैसला किया है। बिहार के हाजीपुर में एक महत्वपूर्ण जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट घोषणा की है कि उनकी पार्टी यूपी विधानसभा की सभी 403 सीटों पर पूरे दमखम के साथ अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य राज्य के हर तबके और हर वर्ग तक अपनी पैठ बनाना है।
यूपी के लिए 'पंडित से पासवान' का समीकरण
उत्तर प्रदेश फतह के लिए चिराग ने अपनी विशेष चुनावी रणनीति का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि लोजपा (रा) 'पंडित से लेकर पासवान' तक के फॉर्मूले को आधार बनाकर आगे बढ़ेगी। केंद्रीय मंत्री ने समझाया कि जब इस फॉर्मूले की बात होती है, तो इसमें समाज के सभी धर्मों, जातियों और समुदायों का समावेश खुद-ब-खुद हो जाता है। पार्टी सबको एक मंच पर लाकर उत्तर प्रदेश की जनता को एक सशक्त राजनीतिक विकल्प देने की तैयारी कर रही है।
स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर पंजाब में भरेंगे हुंकार
लोजपा (रा) का चुनावी अभियान केवल उत्तर प्रदेश की सीमाओं तक ही सीमित नहीं रहेगा। चिराग पासवान ने बताया कि वे बहुत जल्द पंजाब का दौरा करने जा रहे हैं। वहां अमृतसर स्थित पवित्र स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के बाद, वे आधिकारिक तौर पर पंजाब में पार्टी के चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे।
इसके अलावा, उत्तराखंड की प्रदेश इकाई द्वारा भी वहां चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पार्टी आलाकमान को भेजा गया है, जिस पर गंभीरता से काम चल रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है पार्टी का विस्तार
अपनी पार्टी के लगातार बढ़ते राजनीतिक प्रभाव पर बात करते हुए चिराग ने कहा कि उनका संगठन अब तेजी से विस्तार की ओर अग्रसर है। बिहार और झारखंड की धरती से शुरू हुई लोजपा (रा) की यह यात्रा नागालैंड जैसे राज्यों में सफलता हासिल करने के बाद अब उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड जैसे बड़े राज्यों में अपनी जड़ें मजबूत कर रही है।
'बांटने वाले बयानों से बचें, विकसित भारत पर करें फोकस'
चुनावी सरगर्मियों के बीच होने वाली बयानबाजी पर चिराग पासवान ने जनता को आगाह किया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते हैं, समाज में दरार डालने वाली सोच रखने वाले लोग ऐसे बयान देने लगते हैं जो लोगों को बांटते हैं।
उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि वे ऐसी विघटनकारी बातों को पूरी तरह नजरअंदाज करें। इसके बजाय, उनका पूरा ध्यान वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण के लक्ष्य पर होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित देश का यह सपना तभी साकार होगा, जब यूपी, बिहार, पंजाब सहित देश के हर एक गांव और जिले में असली तरक्की पहुंचेगी।