world-news

जेडीयू ने 4 MLC कैंडिडेट्स का किया ऐलान: नीरज कुमार होंगे पटना स्नातक के प्रत्याशी, बीजेपी की लिस्ट आना बाकी; RJD-PK पहले कर चुके हैं घोषित - Patna News

September 23, 2026

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जेडीयू ने अपने 4 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी है। इसमें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा दरभंगा से घनश्याम राय को प्रत्याशी बनाया गया है।

.

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा और सारण शिक्षण निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, बीजेपी ने अब तक अपने कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी नहीं की है।

जदयू ने तिरहुत स्नातक से अभिषेक को पहले भी बनाया था प्रत्याशी

अभिषेक झा जेडीयू के एक प्रमुख युवा नेता और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हैं, जो अक्सर टीवी डिबेट्स और मीडिया में नीतीश कुमार की सरकार और पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए जाने जाते हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले उन्होंने एनआईटी पटना से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और वर्तमान में वे व्यावसायिक रूप से 'दिशा बिल्डर्स' के मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं।

जेडीयू ने उन्हें साल 2026 में होने वाले तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में इसी सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने गठबंधन के ही कुछ लोगों पर भितरघात का आरोप लगाया था।

वर्तमान में अभिषेक झा मुजफ्फरपुर, वैशाली और सीतामढ़ी आदि जिलों में घूम-घूम कर स्नातक वोटर्स से संवाद कर रहे हैं, ताकि आगामी चुनाव के लिए अपनी जमीन मजबूत कर सकें।

घनश्याम ने डेढ़ साल पहले ली थी जेडीयू की सदस्यता

दरभंगा के रहने वाले घनश्याम राय (60) पहली बार एमएलसी का चुनाव लड़ेंगे। मिथिला यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। पिछले एक साल से ज्यादा समय से पूर्णिया यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार हैं। इससे पहले पूर्णिया यूनिवर्सिटी और नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में रजिस्ट्रार रह चुके हैं। डेढ़ साल पहले जेडीयू की सदस्यता ली थी।

भास्कर से बातचीत में घनश्याम राय ने बताया कि 20 दिन पहले पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने तैयारी करने के लिए कहा था। बताया गया था कि दरभाग शिक्षक से म़ुझे कैंडिडेट बनाया जाएगा।

3 दिन पहले जन सुराज ने जारी की थी लिस्ट

जन सुराज ने 3 दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर MLC कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की थी। इसमें दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, 2 स्नातक और 1 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा अभी नहीं की गई है।

राजद ने 6 कैंडिडेट्स की घोषणा की है

बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने 6 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 6 कैंडिडेट्स के नाम हैं।

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार चुनाव लड़ेंगे। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह प्रत्याशी बनाए गए हैं।

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा को प्रत्याशी बनाया गया है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया है।

30 जिलों के मतदाता करेंगे आठ एमएलसी का चुनाव

इन आठ विधान परिषद सीटों का चुनाव सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में फैले करीब 30 जिलों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

वर्तमान विधान पार्षदों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होना है और चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।