world-news

ऑपरेशन सिंदूर में भूमिका, 4 बड़े सैन्य सम्मान...कौन हैं एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, जिनको मिली IAF की कमान

October 6, 2026

ऑपरेशन सिंदूर में भूमिका, 4 बड़े सैन्य सम्मान…कौन हैं एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, जिनको मिली IAF की कमान

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षितImage Credit source: ANI

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है. वह 31 अक्टूबर, 2026 की दोपहर को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे और 31 दिसंबर, 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे. वह एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और मई 2025 में पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य संघर्ष के दौरान सेना का नेतृत्व किया था.

एयर मार्शल के पास मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वर्जन, HPT-32, An-32, एवरो, किरण, जगुआर, IL-78, हॉक और तेजस जैसे कई तरह के विमान उड़ाने का लंबा अनुभव है. वो एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं. लगभग चार दशक के अपने सर्विस करियर के दौरान वो कई ऑपरेशन और एक्सरसाइज में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं, जैसे ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर.

3500 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव

वायु सेना में स्वदेशी LCA तेजस और दूसरे स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने के लिए मशहूर एयर मार्शल दीक्षित से सरकार की ‘आत्मनिर्भरता’ पहल को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. उन्हें 1986 में IAF की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था. वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं. उनके पास 3500 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है.

1986 में एयरफोर्स की फाइटर स्ट्रीम में हुए थे शामिल

9 दिसंबर 1966 को जन्मे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए थे. वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ का पद संभालने से पहले एयर मार्शल दीक्षित ने हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (HQ IDS) में चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ टू द चेयरमैन, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (CISC) और सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के तौर पर काम किया है.

एयरफोर्स की ओर से मिल चुके हैं ये 4 सम्मान

अपने शानदार करियर के दौरान एयर मार्शल ने कई अहम फील्ड और स्टाफ पदों पर काम किया है. उन्होंने वेस्टर्न सेक्टर में एक फ्रंट-लाइन फाइटर एयर बेस और सदर्न सेक्टर में एक प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान संभाली है. अलग-अलग भूमिकाओं में उनके योगदान से भारतीय वायु सेना की ऑपरेशनल क्षमता बेहतर हुई है. उनकी बेहतरीन और खास सर्विस के लिए उन्हें 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है.

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.

Read More

google button