world-news

सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, दो दिन में गोल्ड ₹4,600 महंगा

October 9, 2026

सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, दो दिन में गोल्ड ₹4,600 महंगा

सोनाImage Credit source: getty

सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली.दिल्ली में सोने का भाव 1,900 रुपये बढ़कर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया. वहीं, चांदी की कीमत में भी 4,500 रुपये प्रति किलोग्राम का उछाल आया. अमेरिकी डॉलर में कमजोरी आने से निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है. दोनों धातुओं की कीमतों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई.

अखिल भारतीय सराफा संघ के मुताबिक, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 1,900 रुपये बढ़कर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. इसमें सभी टैक्स शामिल हैं. गुरुवार को सोना 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी की कीमतों में भी जोरदार वापसी हुई. चांदी 4,500 रुपये बढ़कर 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. इसमें भी सभी टैक्स शामिल हैं. इससे पहले गुरुवार को चांदी की कीमत 3,000 रुपये गिर गई थी.

दो दिन में सोना 4,600 रुपये महंगा

पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत कुल 4,600 रुपये यानी 3.07 फीसदी बढ़ चुकी है. इससे पहले पूरे सप्ताह सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला था. दूसरी ओर, चांदी भी घरेलू बाजार में दो दिनों के दौरान 1,500 रुपये यानी करीब 1 फीसदी महंगी हुई है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई. हाजिर सोना 48.35 डॉलर यानी 1.17 फीसदी बढ़कर 4,181.98 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, चांदी करीब 2 फीसदी उछलकर 60.32 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. इससे पहले चांदी का भाव तीन महीने के निचले स्तर तक गिर गया था. मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी प्रमुख प्रवीण सिंह के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से सोने को सपोर्ट मिला है.

आगे सोने की कीमतों का क्या होगा?

प्रवीण सिंह का अनुमान है कि आने वाले समय में सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में रह सकती हैं, हालांकि इनमें हल्की तेजी का रुझान बना रह सकता है. लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में अचानक उछाल सोने के लिए जोखिम पैदा कर सकता है. पश्चिम एशिया में तनाव और अस्थिरता के कारण तेल की कीमतों में अचानक तेजी आने की आशंका बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- शेयर बाजार की गिरावट से हैं परेशान तो ये फंड करेगा मुश्किल आसान, 12 अक्टूबर तक निवेश का मौका

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More

google button