world-news

छत पर पिता, सीढ़ियों पर मां-बेटी, बिस्तर के नीचे बेटा! बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की रहस्यमयी मौत

August 23, 2026

Time Updated: Sunday, August 23, 2026, 15:50 [IST]

Bangladesh Hindu Family Death: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में रिटायर्ड स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 साल की बेटी और 12 साल का बेटा शामिल हैं। चारों के शव शनिवार रात दासपाड़ा इलाके में स्थित उनके बंद घर से बरामद किए गए।

गुरुवार से परिवार के सभी सदस्यों के फोन बंद थे। पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं है और पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

Bangladesh Hindu Family Death

गुरुवार से बंद थे परिवार के फोन

परिजनों के मुताबिक, प्रीतिलता चक्रवर्ती की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने गुरुवार दोपहर उनसे आखिरी बार बात की थी। इसके बाद गुरुवार रात से परिवार के चारों मोबाइल फोन बंद हो गए। जब शनिवार रात तक कोई संपर्क नहीं हुआ तो परिजन दासपाड़ा स्थित घर पहुंचे। घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की सभी लाइटें भी बंद थीं। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चारों के शव बरामद किए।

ये भी पढ़ें: 'हिंदुओं को आसानी से मारा जा सकता है', कौन है मौलाना मुफ्ती हारून इजहार? जिसने खुलेआम दी धमकी

घर में अलग-अलग जगह मिले चारों शव

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर मिला। उनकी पत्नी प्रीतिलता और बेटी आगमी के शव सीढ़ियों के पास पड़े थे, जबकि 12 साल के बेटे प्रियम का शव बिस्तर के नीचे मिला। शवों के इस तरह अलग-अलग जगह मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों की मौत कब हुई और घटना के समय घर में क्या हुआ था।

रिटायर्ड शिक्षक थे गणपति चक्रवर्ती

मृतक गणपति चक्रवर्ती की उम्र 65 साल थी। वह रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और पिछले साल 31 दिसंबर को रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथी का काम भी कर रहे थे। परिवार ने दासपाड़ा इलाके में नया घर बनाया था और वहीं रह रहा था। परिजनों का कहना है कि गणपति का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में परिवार की मौत की वजह को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढे़ं: शेख हसीना के बाद बांग्लादेश में एक और बड़ा धमाका! राष्ट्रपति ने अचानक छोड़ा पद, लेकिन क्यों?

बेटी ने इसी साल पूरी की थी मास्टर्स की पढ़ाई

परिवार में गणपति की 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता, 23 साल की बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 साल का बेटा प्रियम भी शामिल थे। आगमी ने इसी साल अंग्रेजी विषय में मास्टर्स की डिग्री पूरी की थी। वहीं प्रियम रंगपुर के एक स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक, परिवार सामान्य तरीके से जीवन बिता रहा था। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि किसी ने परिवार को निशाना क्यों बनाया।

पुलिस, CID और डिटेक्टिव ब्रांच कर रही जांच

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के प्रभारी अधिकारी नजमुल कादेर के मुताबिक, मामले की जांच में पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच भी शामिल हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि चारों की मौत कैसे हुई और घटना में किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। फिलहाल मौत का सही कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।