
कॉपियों को काटकर बंडल में छिपाई शराब
Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी का एक अनोखा तरीका सामने आया है. तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग को चकमा देने के लिए शराब की बोतलों को कॉपियों के बंडल के बीच छिपा दिया था. बाहर से देखने पर पूरा सामान सामान्य कॉपियों का बंडल नजर आ रहा था, लेकिन जब उत्पाद विभाग की टीम ने उसकी तलाशी ली तो अंदर का राज खुल गया. कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 360 बोतल विदेशी शराब बरामद की है. मामले में ऑटो चालक सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार किया गया है.
दरअसल, उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि एक ऑटो के जरिए शराब की खेप की आपूर्ति की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने अहियापुर थाना क्षेत्र के भीखनपुर इलाके में निगरानी शुरू की. इसी दौरान संदेह के आधार पर एक ऑटो को रोककर उसकी तलाशी ली गई. ऑटो में कॉपियों के कई बंडल रखे हुए थे. पहली नजर में सामान सामान्य लग रहा था, लेकिन उत्पाद विभाग के अधिकारियों को शक हुआ.
कॉपियों ने बंडलों में छिपाई शराब की बोतलें
इसके बाद कॉपियों के बंडलों को खोलकर जांच की गई. जांच के दौरान पता चला कि कॉपियों को इस तरह से काटा गया था कि उनके बीच शराब की बोतलों को छिपाया जा सके. बोतलों को कॉपियों के बीच इस तरह पैक किया गया था कि बाहर से देखने पर किसी को भी शराब होने का संदेह न हो. जब टीम ने पूरी खेप की गिनती की तो कुल 360 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई.
उत्पाद विभाग ने मौके से ऑटो चालक सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि शराब की खेप बेहद शातिर तरीके से कॉपियों के बंडलों में छिपाकर ले जाई जा रही थी. बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि शराब उत्तर प्रदेश निर्मित है.
ऑटो की तलाशी के दौरान खुला राज
अधिकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर ASI राजा जनमेजय के साथ टीम ने कार्रवाई की थी. ऑटो की तलाशी के दौरान शराब बरामद होने के बाद चालक को हिरासत में लिया गया. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई होगी. उत्पाद विभाग का कहना है कि शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं. ऐसे बदलते तौर-तरीकों पर विभाग की नजर बनी हुई है और शराब की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

संजीव कुमार
भारत 24, इंडिया टीवी, इंडिया न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, न्यूज एक्स, फोकस न्यूज, कशिश न्यूज, ताजा टीवी, सीएनइबी न्यूज, रफ्तार टीवी और लाइव इंडिया में 18 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.
Read More