world-news

33 छक्के, 44 चौके और 493 रन... DPL में पप्पू यादव के बेटे ने मचाया तहलका, पर टीम प्लेऑफ से बाहर

August 28, 2026

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में लोकसभा सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने अपने बल्ले से धूम मचाकर रख दिया. नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान ने पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन किया. सार्थक की अगुवाई में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई, लेकिन सार्थक के सिर पर ऑरेंज कैप अब भी बरकरार है.

सार्थक रंजन ने लगभग हर मुकाबले में टीम के लिए अहम योगदान दिया और कप्तान के तौर पर आगे से नेतृत्व किया. दाएं हाथ के बैटर सार्थक ने डीपीएल 2026 में 64, 95, 65, 57, 59, 10, 78, 45 और 20 के स्कोर किए. यानी सार्थक ने 9 पारियों में 493 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 167.69 और एवरेज 54.78 रहा. सार्थक ने डीपीएल 2026 में कुल 33 छक्के और 44 चौके लगाए.

यश ढुल से काफी आगे हैं सार्थक
डीपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स के यश ढुल हैं. यश ने 9 मुकाबलों 51.25 की एवरेज से 410 रन बनाए. यश की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रही. हालांकि यश प्लेऑफ मैचों के लिए अनुपलब्ध हैं, ऐसे में वो सार्थक रंजन से आगे नहीं निकल पाए. यश को दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन की टीम में चुना गया है. ईस्ट जोन को 30 अगस्त से बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में साउथ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलना है. 

सम्बंधित ख़बरें

सार्थक रंजन की अगुवार्ई वाली नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स अंकतालिका में पांचवें स्थान पर रही. नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 10 मुकाबलों में से 4 में जीत हासिल की. वहीं पांच मुकाबले टीम ने गंवाए. जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकल पाया.

सेंट्रल दिल्ली किंग्स, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज, पुरानी दिल्ली 6 और आउटर दिल्ली वॉरियर्स प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रही. टूर्नामेंट का फाइनल 30 अगस्त को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है.

बता दें कि सार्थक रंजन के पिता पप्पू यादव बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद हैं. पप्पू यादव कुल मिलाकर चौथी बार यहां से सांसद चुने गए हैं. वो दो मौकों पर मधेपुरा सीट से भी लोकसभा सांसद रह चुके हैं. सार्थक की मां रंजीत रंजन भी कांग्रेस के टिकट पर राज्यसभा सांसद हैं.

सार्थक रंजन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें पिछले सीजन में एक भी मैच में मौका नहीं मिला. अब सार्थक आईपीएल के अगले सीजन में धमाल मचाने को आतुर होंगे. ये देखना होगा कि तीन बार की चैम्पियन केकेआर उन पर भरोसा करती है या नहीं.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

पाकिस्तान सरकार से पूछा इंसानियत है कि नहीं! कपिल इमरान खान की हालत देख हो गए भावुक

Live TV