
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल.
Rudraprayag News: विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा के पैदल मार्ग से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. जंगलचट्टी क्षेत्र में महाराष्ट्र के मुंबई से आए तीर्थयात्रियों के साथ खच्चर चालकों द्वारा लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई. इस हिंसक झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग श्रद्धालुओं को पीटते और पीड़ित अपनी चोटों पर पट्टी बंधवाते नजर आ रहे हैं.
घटना 1 अक्टूबर की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, मुंबई से श्री केदारनाथ धाम दर्शन के लिए आए मानजी वाधजी वाविया और उनके साथी भानजी दामजी पटेल पैदल मार्ग से धाम की ओर बढ़ रहे थे. जंगलचट्टी के पास खच्चरों के संचालन को लेकर उनकी तीन खच्चर चालकों से बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि खच्चर चालकों ने तीर्थयात्रियों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
वीडियो वायरल होने के बाद बैकफुट पर आए आरोपी
सामने आए वायरल वीडियो में नजदीकी मेडिकल रिलीफ पोस्ट में स्वास्थ्यकर्मी घायलों की मरहम-पट्टी करते दिख रहे हैं, जबकि पीड़ित श्रद्धालु अपनी चोट के निशान दिखा रहे हैं. घटना के बाद आरोपी खच्चर चालक मौके से फरार हो गए.
सोनप्रयाग पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना का संज्ञान लेते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने त्वरित विधिक कार्रवाई की है. पीड़ितों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों अज्ञात खच्चर चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस टीम वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपियों की पहचान जुटाने में लगी हुई है.
ये भी पढ़ें: दिनदहाड़े मर्डर से दहला बेगूसराय: कार वाशिंग सेंटर संचालक को मारीं तीन गोलियां, मौके पर मौत
रुद्रप्रयाग पुलिस की सख्त चेतावनी
रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सम्मान और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चर मालिकों व चालकों को श्रद्धालुओं के साथ मर्यादित व्यवहार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने चेतावनी दी है कि श्रद्धालुओं से अभद्रता, मारपीट या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Harendra Negi