51 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

आगरा जिले में सोमवार से प्रस्तावित बैंकों की तीन दिन की हड़ताल स्थगित हो गई है। रविवार देर रात दिल्ली में इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल टालने का फैसला लिया गया।
हड़ताल टलने से ग्राहकों और व्यापारियों को राहत मिली है। अब सोमवार को जिले की सरकारी बैंक शाखाएं सामान्य दिनों की तरह खुलेंगी और बैंकिंग लेन-देन जारी रहेगा।
पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर था आंदोलन
बैंक अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसी के तहत आगरा में सोमवार से तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी।
हड़ताल के दौरान जिले की 450 से अधिक सरकारी बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहने की संभावना थी। कर्मचारियों ने सूरसदन पर प्रदर्शन की भी तैयारी की थी।
रविवार को अवकाश होने के बावजूद बैंक खुले और कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे। हालांकि, शाखाओं में इक्का-दुक्का ग्राहक ही पहुंचे।
UFBU के संयोजक गजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA के साथ बैठक हुई। इसमें बैंक कर्मचारियों की कई मांगों पर चर्चा हुई और महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया।
बैठक में इन 4 मुद्दों पर बनी सहमति
1. शनिवार के अवकाश पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। समिति सभी हितधारकों से चर्चा कर ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य समाधान तलाशेगी।
2. स्केल-4 से ऊपर के अधिकारियों की PLI योजना में संशोधन स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू PLI योजना को लेकर यूनियनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए IBA सरकार को संशोधन का प्रस्ताव भेजेगा।
3. अन्य मांगों पर जल्द होगी चर्चा 8 मार्च 2024 के समझौते में शामिल अन्य मांगों पर भी जल्द चर्चा कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
4. आंदोलन और हड़ताल स्थगित बैठक में मिले आश्वासनों के बाद UFBU ने आंदोलन और प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित करने पर सहमति जताई।
हड़ताल होती तो बैंकिंग और व्यापार पर पड़ता असर
यदि हड़ताल होती तो आगरा जिले में सरकारी बैंकों का कामकाज प्रभावित होता। इससे नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस समेत बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका थी। व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ सकता था।
हड़ताल टलने के बाद अब सोमवार से सभी बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज और लेन-देन होगा।
.