entertainment

'हैवान' टीजर रिलीज: जानिए क्या होगी फिल्म की कहानी? वीडियो में मिले ये 3 बड़े हिंट

August 12, 2026

Aug 12, 2026 03:21 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Haiwaan Movie Teaser: अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बार साथ में बड़े पर्दे पर कमबैक करने वाले हैं। इससे पहले दोनों साथ में फिल्म टशन में काम करते दिखे थे।

Haiwaan Movie Teaser

फिल्म हैवान का टीजर रिलीज कर दिया गया है, लेकिन इसकी कहानी क्या रहने वाली है?

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' का टीजर बुधवार को रिलीज कर दिया गया है। कहानी के बारे में ज्यादा कोई खुलासा किए बगैर, मेकर्स ने परछाइयों और कुछ झलकियों के सहारे तनावपूर्ण सिचुएशन को दिखाने की कोशिश की है। इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और फिल्ममेकर प्रियदर्शन एक बार फिर कमबैक की कोशिश करने को तैयार हैं। फिल्म के टीजर में भले ही कुछ खास नहीं दिखाया गया है, लेकिन फिर भी इससे हमें कहानी में बारे में कई ऐसे हिंट मिलते हैं जो ध्यान देने लायक हैं।

साउथ मूवी का रीमेक होगी 'हैवान'

सबसे पहली और जरूरी बात तो यही है कि यह मूवी (हैवान) साल 2016 में आई साउथ के सुपरस्टार एक्टर मोहनलाल की फिल्म 'ओपम' का हिंदी रीमेक है। तो अगर आप ओटीटी पर पहले ही वो फिल्म देख चुके हैं, फिर आपके लिए अक्षय कुमार की मूवी में देखने के लिए कुछ खास नहीं होगा। अब बात करते हैं उन लोगों के लिए, जिन्होंने अभी तक ओपम नहीं देखी है, और डब वर्जन की बजाए वो इसकी हिंदी रीमेक ही देखना चाहते हैं। तो यह बेसिकली एक मर्डर मिस्ट्री मूवी होगी जिसमें एक साइकोपैथ और विक्टिम के बीच चूहा-बिल्ली का खेल चल रहा है।

क्या है फिल्म 'हैवानी' की कहानी?

कहानी का हीरो (सैफ अली खान) देख नहीं सकता। वह एक रिटायर्ड जज के अपार्टमेंट के केयरटेकर और मार्शल आर्ट्स का एक्सपर्ट है। जब उस अपार्टमेंट में एक हाई-प्रोफाइल मर्डर हो जाता है, तो पुलिस गलती से सैफ को ही कातिल समझ लेती है। अब सैफ को कानून की गिरफ्त से बचते हुए असली सीरियल किलर को ढूंढना है, जो एक मासूम बच्ची के पीछे पड़ा हुआ है। इस पूरी कहानी की झलक हमें उस पोस्टर में भी मिलती है जो हिंदी रीमेक मूवी के लिए पिछले दिनों जारी किया गया था।

टीजर से मिलते हैं हमें क्या हिंट?

फिल्म के टीजर में हमें 3 जरूरी हिंट मिल जाते हैं। पहला तो यह कि अक्षय कुमार एक विलेन के रोल में हैं, ना कि हीरो के किरदार में। एक सीन में सैफ अली खान को घर के भीतर आराम से घूमते दिखाया गया है, जबकि अक्षय कुमार शीशे के बाहर बेबस खड़े हुए हैं और उनके हाथ में खंजर है। यानि कहीं न कहीं सैफ अली खान खुद को इस जज के मकान में सेफ रखने और इस दौरान कातिल के लिए साजिश रचने की तैयारी का वक्त निकालने में कामयाब हो जाएंगे। दूसरा हिंट यह है कि टीजर में सैफ भले ही छड़ी के सहारे चलते दिख रहे हैं, लेकिन बहुत सहज होकर। यानि उनकी सुनने और महसूस करने की क्षमता कमाल की है।

टीजर का तीसरा सबसे बड़ा हिंट

फिल्म के टीजर से यह भी साफ है कि यह एक नेत्रहीन व्यक्ति और एक देख सकने वाले खूंखार कातिल के बीच का अनोखा टकराव होगा। एक ऐसा टकराव जिसमें जाहिर तौर पर पलड़ा कातिल का भारी है, लेकिन फिर भी सवाल यह है कि समझदारी और सूझबूझ जीतेगी, या फिर अहंकार-घमंड और बुराई। बता दें कि इससे पहले अक्षय-प्रियदर्शन ने मिलकर 'भूत बंगला' बनाई थी जो कि बुरी तरह पिट गई। अब 'हैवान' में एक बार फिर प्रियदर्शन डायरेक्टर की कुर्सी संभालते नजर आएंगे और अक्षय कुमार लीड रोल में होंगे।