world-news

'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?', कौन हैं 3 बार के सांसद जनार्दन मिश्रा? बयान से मचा बवाल

August 10, 2026

Time Published: Monday, August 10, 2026, 11:36 [IST]

BJP MP Janardan Mishra: पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर देश में बहस चल रही है और इसी बीच मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान चर्चा में आ गया है। रीवा एयरपोर्ट पर कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने एथेनॉल मिले पेट्रोल का समर्थन किया। शुद्ध पेट्रोल की मांग को लेकर बात करते हुए उन्होंने मंच से ऐसा सवाल पूछ दिया, जिस पर अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

हालांकि, जनार्दन मिश्रा के लिए विवादित या अलग अंदाज वाले बयान कोई नई बात नहीं हैं। वह पहले भी भ्रष्टाचार, प्रधानमंत्री आवास योजना, पानी बचाने और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों पर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रह चुके हैं। ऐसे में जानते हैं कि आखिर जनार्दन मिश्रा कौन हैं और उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा है।

BJP MP Janardan Mishra

कौन हैं जनार्दन मिश्रा, तीन बार जीत चुके हैं लोकसभा चुनाव

जनार्दन मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और रीवा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह पेशे से वकील हैं। उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई की है। जनार्दन मिश्रा पहली बार 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। साल 2024 में भी रीवा की जनता ने उन्हें मौका दिया और वह तीसरी बार लोकसभा सांसद चुने गए।

ये भी पढ़ें: 150 करोड़ की संपत्ति, 3 पीढ़ियों से खाकी का नाता! कौन हैं IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर? क्यों हुआ अचानक ट्रांसफर?

पेट्रोल पर क्या कहा?

रीवा एयरपोर्ट पर कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम में जनार्दन मिश्रा केंद्र सरकार के कामकाज की तारीफ कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने की नीति का बचाव किया। शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?" उनके इसी बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद थे बड़े नेता

यह बयान उस वक्त सामने आया जब मंच पर मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, राज्य मंत्री प्रतिभा बागड़ी और सतना के सांसद गणेश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

दरअसल, कोलकाता से 72 सीटों वाला विमान रीवा पहुंचा था। इसके बाद विमान को रीवा से भोपाल के लिए रवाना किया गया। इसी मौके पर हवाई सेवा के उद्घाटन का कार्यक्रम रखा गया था।

पहले भी बयानों से बटोर चुके हैं सुर्खियां

जनार्दन मिश्रा पहले भी अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहे हैं। रीवा के तत्कालीन नगर निगम आयुक्त सभाजीत यादव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कथित तौर पर उन्हें कुदाल से जमीन खोदकर जिंदा गाड़ने की बात कही थी। भ्रष्टाचार पर दिए उनके एक और बयान ने काफी ध्यान खींचा था। उन्होंने कहा था कि अगर कोई सरपंच 15 लाख रुपये तक का भ्रष्टाचार करता है तो लोग शिकायत लेकर उनके पास न आएं। उनके मुताबिक, 15 लाख रुपये से ज्यादा के घोटाले की शिकायत की जानी चाहिए।

संसद की कई समितियों में कर चुके हैं काम

सांसद के तौर पर जनार्दन मिश्रा संसद की कई समितियों में भी सदस्य रह चुके हैं। इनमें कृषि संबंधी स्थायी समिति, अधीनस्थ विधान समिति, लाभ के पदों पर संयुक्त समिति और सार्वजनिक उपक्रमों की समिति शामिल हैं। इसके अलावा वह ग्रामीण विकास और पंचायती राज संबंधी स्थायी समिति तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें: 25 की उम्र में क्रिकेटर ने लिया संन्यास, सिर्फ 4 मैच खेले थे, कौन है यह खिलाड़ी जिसने दुखी होकर लिया रिटायरमेंट