world-news

नारनौल में DAP के लिए मारामारी, एक हजार बैग वितरित: सुबह 3 बजे से लाइन में लगे किसान; सोसायटी बोर्ड का गठन नहीं - Narnaul News

October 12, 2026

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में डीएपी खाद के लिए किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। कई दिनों से खाद के लिए सोसायटियों के चक्कर काट रहे किसानों को रेलवे रोड स्थित अनाज मंडी की सहकारी सोसायटी में खाद पहुंचने के बाद राहत की उम्मीद जगी है।

.

रविवार दोपहर को कृभको कंपनी की डीएपी खाद के एक हजार बैग लेकर ट्राला सोसायटी कार्यालय पहुंचा। खाद मिलने की जानकारी के बाद सोमवार को वितरण के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसान खाद लेने के लिए सुबह 3 बजे से ही सोसायटी कार्यालय के बाहर पहुंचने लगे। इनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल रहे। सुबह 9 बजे कार्यालय खुलने तक खाद लेने वालों की लंबी लाइन लग गई।

नारनौल में खाद लेने के लिए सुबह से बैठी महिलाएं।

नारनौल में खाद लेने के लिए सुबह से बैठी महिलाएं।

कृषि अधिकारियों की मौजूदगी में वितरण

सोसायटी में कृषि अधिकारियों की मौजूदगी में खाद का वितरण किया गया। प्रत्येक किसान को 50-50 किलो के तीन बैग दिए जाएंगे। एक बैग की कीमत 1,350 रुपए निर्धारित की गई है। खाद लेने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड साथ लाना होगा। सोसायटी में इससे पहले 30 सितंबर को डीएपी खाद का वितरण किया गया था। इसके बाद 11 दिन के अंतराल पर खाद की नई खेप पहुंची है। किसानों की संख्या और मांग को देखते हुए एक हजार बैग की खेप को सीमित माना जा रहा है।

नारनौल में खाद लेने के लिए लाइन में लगे लोग।

नारनौल में खाद लेने के लिए लाइन में लगे लोग।

पिछले सप्ताह डीसी से मिले थे किसान

खाद की कमी के चलते किसान लगातार सोसायटियों के चक्कर काट रहे हैं। पिछले सप्ताह खाद नहीं मिलने से परेशान किसानों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी थी। किसानों को उम्मीद है कि नई खेप मिलने से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन सीमित मात्रा के कारण सभी किसानों की जरूरत पूरी होना मुश्किल है।

जिले की प्रमुख सोसायटी में कर्मचारियों की कमी

रेलवे रोड स्थित सहकारी सोसायटी जिले की प्रमुख सोसायटियों में शामिल है। यहां किसान खाद और बीज लेने पहुंचते हैं। इसके अलावा हैफेड का सरसों का तेल और अन्य उत्पाद भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद सोसायटी में सेल्समैन, अकाउंटेंट और स्टोर कीपर के पद खाली हैं।

नारनौल में खाद वितरण केंद्र के बाहर लगी।

नारनौल में खाद वितरण केंद्र के बाहर लगी।

4 साल से नहीं हुआ बोर्ड का गठन

फिलहाल एक मैनेजर और एक चपरासी के सहारे कामकाज चल रहा है। वहीं, पिछले चार वर्षों से सोसायटी कमेटी के बोर्ड का गठन भी नहीं हुआ है। नए कर्मचारियों की भर्ती और कमेटी गठन का काम लंबित होने से व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है। कर्मचारी प्रदीप निर्मल ने बताया कि सोसायटी में कृभको कंपनी की डीएपी खाद के एक हजार बैग पहुंचे हैं।