प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के करीबी जय प्रकाश दुबे उर्फ जेपी दुबे की करीब 25 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति मंगलवार को कुर्क कर ली गई। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई में पांच अलग-अलग मौजा में स्थित कुल 10 गाटों की 7482.66 वर्गमीटर जमीन को
.
पुलिस के अनुसार, जय प्रकाश दुबे पुत्र हरि प्रसाद दुबे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शाहा उर्फ पीपलगांव का निवासी है। उसका स्थायी पता जौनपुर जिले के पवारा थाना क्षेत्र के सोंगरा मनी पट्टी गांव में है। पुलिस का दावा है कि वह अतीक अहमद गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है और उसने अपराध से अर्जित धन के जरिए इन संपत्तियों को खरीदा था।

2025 में दर्ज हुआ था गैंगस्टर का मुकदमा जय प्रकाश दुबे के खिलाफ कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है, जो वर्ष 2025 में एयरपोर्ट थाने में दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने उन संपत्तियों को चिह्नित किया, जिन्हें कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से खरीदा गया था। इसके बाद कुर्की की रिपोर्ट पुलिस आयुक्त न्यायालय में प्रस्तुत की गई।
चार मौजा में फैली है करोड़ों की जमीन कुर्क की गई संपत्तियां सदर तहसील के शाहा उर्फ पीपलगांव, रहीमाबाद, कटहुला गौसपुर और चन्द्रभानपुर मौजा में स्थित हैं। शाहा उर्फ पीपलगांव में तीन गाटों में 530.26 वर्गमीटर, रहीमाबाद में दो गाटों में 1960 वर्गमीटर, कटहुला गौसपुर में दो गाटों में 1985 वर्गमीटर और चन्द्रभानपुर में तीन गाटों में 3007.40 वर्गमीटर जमीन शामिल है।
कुल 10 गाटों में फैली 7482.66 वर्गमीटर जमीन की बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अवैध कब्जा रोकने के लिए थाना प्रभारी नियुक्त न्यायालय ने सुनवाई के दौरान उपलब्ध कराए गए अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर संपत्तियों को अपराध से अर्जित धन से खरीदा जाना प्रथम दृष्टया माना। इसके बाद एयरपोर्ट थाना प्रभारी को इन संपत्तियों का प्रशासक नियुक्त किया गया है, ताकि जमीन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण न हो सके।
अपराध से अर्जित संपत्तियों पर जारी रहेगी कार्रवाई डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने कहा कि संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।