world-news

मानेसर में एक पेड़- मां के नाम अभियान शुरू: 25 आरडब्ल्यूए लगाएंगी 2200 पौधे, नगर निगम करेगा लगाए गए पेड़ों की समीक्षा - Farrukh Nagar News

July 30, 2026

गुरुग्राम जिले के मानेसर में पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की शुरुआत की गई। नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह और संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने सेक्टर-81 स्थित विपुल लावण्या सोसाइटी परिसर में इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर नि

.

आयुक्त प्रदीप सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बढ़ते शहरीकरण और प्रदूषण के मद्देनजर प्रत्येक व्यक्ति से पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

देखभाल का भावनात्मक संदेश देता है एक पेड़ मां के नाम अभियान

उन्होंने बताया कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान लोगों को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का भावनात्मक संदेश देता है। आयुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से जुड़कर एक पौधा लगाए और उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखे, तो आने वाले वर्षों में मानेसर क्षेत्र अधिक स्वच्छ और हराभरा होगा।

नगर निगम ने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न आरडब्ल्यूए को उनकी मांग के अनुसार 2200 पौधे उपलब्ध कराए हैं। सभी आरडब्ल्यूए अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान चलाएंगी और स्थानीय लोगों को भी इसमें शामिल करेंगी। निगम द्वारा समय-समय पर लगाए गए पौधों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी, ताकि उनका बेहतर संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

मानेसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ करते अधिकारी।

मानेसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ करते अधिकारी।

कचरा प्रबंधन और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के शोधित पानी के प्रबंधन पर चर्चा

इसी कार्यक्रम के दौरान, आयुक्त प्रदीप सिंह ने लगभग 25 आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ कचरा प्रबंधन और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के शोधित पानी के प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विपुल लावण्या सोसाइटी में पीएनजी लाइन और एक ओपन जिम का भी शुभारंभ किया।

संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने भी उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छ और हरित वातावरण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसमें निगम के साथ आमजन की भागीदारी सर्वोपरि है। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, स्वच्छता एंबेसडर सत्या सहाय और नवदीप सिंह, विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।