world-news

25 लाख की चोरी और 1000 KM तक पीछा... मुरादाबाद पुलिस ने MP से दबोचा 16 साल का 'हाईटेक चोर'

October 2, 2026

Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के थाना मझोला पुलिस और सर्विलांस टीम ने हाईवे स्थित होटल ड्राइव-इन 24 में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का सफल पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मध्य प्रदेश के एक शातिर बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 तोले का सोने का भारी हार, झुमके, अंगूठी, कंगन और 3.80 लाख रुपये नकद समेत लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं. बीते 22 सितंबर को रामगंगा विहार निवासी अश्वनी सेठी के शादी समारोह के दौरान वधू पक्ष का गहनों से भरा बैग गायब हो गया था, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस की टीम मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले पहुंची और इस अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है.

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस वारदात में शामिल दोनों आरोपी आपस में सगे मामा-भांजा हैं. पकड़ा गया 16 वर्षीय बाल अपचारी अपने फरार मामा बॉबी के साथ मिलकर मध्य प्रदेश से 1000 किलोमीटर की दूरी बाइक से तय करके मुरादाबाद पहुंचा था. पुलिस टीम की इस कार्रवाई और शत-प्रतिशत रिकवरी पर एसएसपी द्वारा पुलिस टीम को 15,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. फरार मामा की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

सगे मामा-भांजा मिलकर करते थे चोरी

पुलिस जांच और पूछताछ में बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है. चोरी की इस पूरी साजिश के पीछे कोई और नहीं बल्कि सगे मामा-भांजा की जोड़ी थी. पकड़ा गया 16 वर्षीय बाल अपचारी और उसका मामा बॉबी मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं. यह गिरोह खास तौर पर दूसरे राज्यों के बड़े शहरों को निशाना बनाता था. हैरत की बात यह है कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश से करीब 1000 किलोमीटर का सफर मोटरसाइकिल से तय करके मुरादाबाद पहुंचे थे. वारदात को अंजाम देने के बाद भी दोनों बाइक से ही वापस फरार हो गए थे. बच्चे की उम्र कम होने के कारण कोई उस पर शक नहीं करता था, जिसका फायदा उठाकर मामा-भांजा आसानी से चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते थे.

वेटर बनकर मैरिज हॉल में घुसे

इस गिरोह के काम करने का तरीका बेहद शातिराना था. आरोपी शादी-विवाह के मौकों पर वेटर या मेहमानों जैसे अच्छे कपड़े पहनकर मैरिज हॉल के अंदर दाखिल हो जाते थे. इसके बाद वे पूरे हॉल में घूमकर यह रेकी करते थे कि किसके पास गहनों या रुपयों का बैग है. मौका मिलते ही बाल अपचारी बैग उठाकर बाहर खड़े अपने मामा बॉबी के पास पहुंच जाता था और दोनों बाइक पर बैठकर फरार हो जाते थे. 22 सितंबर की रात होटल ड्राइव-इन में भी इन्होंने इसी तरह वधू पक्ष का बैग उड़ाया था. पुलिस ने जब मैरिज हॉल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, तब संदिग्धों की पहचान हुई और पुलिस की टीम राजगढ़ तक पहुंच सकी थी.

25 लाख के गहने और 3.80 लाख नकद बरामद

सीओ सिविल लाइंस भस्कर मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक रवींद्र कुमार के नेतृत्व में मझोला पुलिस व सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में 100% रिकवरी हासिल की है. बाल अपचारी के कब्जे से लगभग 13-14 तोले का सोने का हार, सोने के झुमके, कंगन, अंगूठी और 3.80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. चोरी किए गए गहनों में से कुछ हिस्सा इन्होंने रास्ते में बेच दिया था, जिसकी प्रोसीड्स और नकदी को पुलिस ने सीज कर लिया है. पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बाल अपचारी कोर्ट में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी मामा बॉबी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है. सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

google button